मुख्तार के करीबी शाहिद की तलाश में कई जगह दबिश
लखनऊ
बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी मो. शाहिद की तलाश में बाराबंकी पुलिस ने वजीरगंज में स्थित उसके घर के अलावा दो अन्य स्थानों पर दबिश दी। उसके घर पर एक नौकर मिला जिससे पूछताछ की गई। शाहिद से सम्पर्क रखने वाले तीन लोगों से भी पूछताछ की। इन लोगों को चेतावनी दी गई कि शाहिद के बारे में कोई जानकारी छिपायी तो सख्त कार्रवाई होगी।
एम्बुलेंस प्रकरण में बाराबंकी इंस्पेक्टर पकंज सिंह ने बुधवार को फरार चल रहे इनामी गुर्गे आनन्द यादव को गिरफ्तार किया था। आनन्द ने यह खुलासा कर सबको चौंका दिया था कि पंजाब में जेल से कोर्ट में पेशी पर जाते समय एम्बुलेंस में अवैध हथियार भी रखे जाते थे। आनन्द ने फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुजाहिद व शाहिद के बारे में भी कई जानकारियां दी थी। इसी के बाद इंस्पेक्टर पकंज सिंह की टीम ने गुरुवार को शाहिद की तलाश में वजीरगंज, हजरतगंज और महानगर में दबिश दी। शाहिद पर आरोप है कि उसने डॉ. अलका राय को बताया कि किसी के पूछने पर एम्बुलेंस मामले में उन्हें क्या जवाब देना है। इसके बाद उसने सब ठीक कर लेने की बात कही थी।
