मकान-फ्लैट की बुकिंग निरस्त कराने लगे लोग, वापस मांग रहे हैं पैसा
लखनऊ
कोरोना से प्रभावित लोग अब अपने फ्लैट व मकानों का आवंटन निरस्त करा रहे हैं। लोग एलडीए तथा आवास विकास से अपना पैसा वापस मांग रहे हैं। केवल आठ दिनों में दोनों विभागों में दर्जनों प्रार्थना पत्र आ गए हैं। कोरोना बीमारी से लोग काफी प्रभावित हुए हैं। बीमारी में इलाज से लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है। इसका असर दिखने लगा है। अब वह मकान नहीं चाहते। इस संवाददाता ने पड़ताल किया तो पता चला कि अकेले एलडीए में ही 12 से 20 मई के बीच केवल आठ दिनों में ही 23 लोगों ने मकान की वापसी का प्रार्थना पत्र दिया है। एलडीए ने इनके पैसे वापसी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 20 मई के बाद भी कई और प्रार्थना पत्र आ गए हैं।
इसी तरह उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की भी लखनऊ से लेकर गाजियाबाद तक कि कई योजनाओं में तीन दर्जन से ज्यादा प्रार्थना पत्र आए हैं। कुछ लोगों ने अपने प्रार्थना पत्र में बीमारी का हवाला दिया है। लिखा है कि बीमारी की वजह से उनका परिवार संकट में है। इसी वजह से वह मकान कैंसिल करा कर पैसा वापस चाहते हैं। फिलहाल एलडीए ने पैसा वापसी की तैयारी शुरू कर दी है।
