ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन की रफ्तार तेज करने में जुटे जनप्रतिनिधि

भोपाल
कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका को देखते हुए अधिकतम लोगों को वैक्सीन लगवाने की राज्य सरकार की योजना पर ग्रामीणों की बेरुखी भारी पड़ रही है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को इसके लिए जागरुकता कार्यक्रम चलाने और एक जून से वैक्सीनेशन अभियान तेज करने को कहा है। उधर अभियान की सफलता के लिए कई विधायकों ने सौ फीसदी वैक्सीनेशन कराने वाली पंचायतों को दस लाख रुपए तक देने का ऐलान किया है।

प्रदेश में कोरोना वैक्सीन लगवाने को लेकर ग्रामीण इलाकों में फैली अफवाह को दूर करने के लिए अब विधायक सामने आए हैं। कुछ भाजपा विधायकों ने पंचायतों को सौ फीसदी वैक्सीनेशन पर विधायक निधि से पांच से दस लाख रुपए तक की राशि अलग से देने का ऐलान किया है। इनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन की रफ्तार तेज करने के लिए वे पूरी ताकत से जुटेंगे।

खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने कहा है कि जो पंचायतें सबसे पहले वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल करेंगी, उन्हें पांच लाख रुपए विधायक निधि से दी जाएगी। इसके पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीतासरन शर्मा कह चुके हैं कि जो ग्राम पंचायतें सौ फीसदी वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल कर लेंगी, वे उस पंचायत को दस लाख रुपए विधायक निधि से पंचायत के विकास के लिए अलग से देंगे। यह राशि हर साल पंचायतों को दी जाने वाली विकास राशि से अलग होगी। शर्मा ने कहा है कि शहरी क्षेत्रों में तो फिर भी वैक्सीनेशन हो रहा है लेकिन ग्रामीण इलाकों में इसकी रफ्तार काफी स्लो है। इसलिए इसे प्रमोट करने की जरूरत है। इसी के चलते उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में सौ फीसदी वैक्सीनेशन कराने वाली पंचायतों को विधायक निधि से राशि देने का फैसला किया है।

ग्रामीण तो दूर ग्रामीण विकास कर्मचारी ही नहीं लगवा रहे टीका
गांवों में टीका लगवाने को लेकर भ्रम की स्थिति इस कदर है कि ग्रामीण जन तो दूर सरकारी सेवाएं दे रहे ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारी ही वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं। इसका नतीजा यह है कि गांवों में वैक्सीन के डोज खराब होने लगे हैं। प्रदेश में ग्रामीण विकास में सेवाएं दे रहे कुल कर्मचारी 53572 हैं जिसमें से 18850 ने टीके लगवाए हैं जबकि 34722 कर्मचारियों ने वैक्सीनेसन नहीं कराया है। ग्रामीण विकास कर्मचारियों की सबसे अधिक टीकाकरण पेंडेंसी रीवा जिले में 1773 है। इसके अलावा सिवनी में 1396, विदिशा में 1306, टीकमगढ़ में 1181, छतरपुर में 1170, धार में 1168, खरगोन में 1091, सागर में 1064, बैतूल में 1033, छिंदवाड़ा में 984 कर्मचारियों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है।

सीएम ने दिए हैं 1 जून से वैक्सीनेशन का अभियान चलाने के निर्देश
कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने के बाद अब तीसरी लहर से लोगों को बचाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 1 जून से वैक्सीनेशन के लिए अभियान चलाने को कहा है। सीएम चौहान ने कहा है कि विधायक, सांसद, कलेक्टर और अन्य सामाजिक व राजनीतिक लोग गांवों में जाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। साथ ही शहरी इलाकों में भी जो लोग इसके विरोध में हैं, उन्हें समझाकर भ्रम दूर करने का काम करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *