अटल बिहारी वाजपेयी विवि में 25 से शुरू होंगी परीक्षाएं
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने शिक्षण सत्र 2020-21 मुख्य परीक्षा को लेकर समय सारणी घोषित कर दी है और परीक्षाएं 25 मई से शुरू होंगी और 30 मई को समाप्त होगी। परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु विवि द्वारा प्रश्न पत्र डाउनलोड करने की अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की गई हैं। उत्तर पुस्तिका जमा करने की अंतिम तिथि से एक दिन पूर्व परीक्षार्थी अपना प्रश्न पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा में इस वर्ष नियमित और स्वाध्यायी के लगभग 2.10 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे।
बिलासपुर समेत मुंगेली, जांजगीर-चांपा, कोरबा और रायगढ़ जिले के कालेजों में 25 मई से स्नातक और स्नातकोत्तर समेत डिप्लोमा विषयों की परीक्षा शुरू होगी। ओपन बुक सिस्टम से होने वाली इस परीक्षा को लेकर विभाग ने पूरा खाका तैयार कर लिया है। स्नातक और स्नातकोत्तर के लिए तिथियों का अलग-अलग निर्धारण किया गया है। डिप्लोमा विषयों के लिए भी खास रणनीति बनाई गई है, ताकि छात्र घर में आसानी से पर्चा हल कर सकें। 10 जून तक सभी विषयों की उत्तरपुस्तिका इकठ्ठा कर मूल्यांकन की प्रक्रिया भी शुरू होगी, जिससे समय पर परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सके। विश्वविद्यालय की ओर से यह दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं कि छात्र वेबसाइट या परीक्षा पोर्टल से क्लिक कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। यदि इसमें किसी तरह की तकनीकी दिक्कत आती है तो विश्वविद्यालय के हेल्पलाइन नंबर या संकाय प्रभारियों के मोबाइल पर काल कर मदद मांगी जा सकती है। इसके लिए नंबर भी जारी किए गए हैं। छात्रों की सुविधा को देखते हुए प्रश्नपत्र डाउनलोड करने की अंतिम तिथि घोषित नहीं की गई है। उत्तरपुस्तिका जमा करने की अंतिम तिथि से एक दिन पहले छात्र प्रश्नपत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
