बीमार पति के लिए नहीं मिले इंजेक्शन तो दे दूंगी जान……

इंदौर
 ब्लैक फंगस के संक्रमितों के इलाज के लिए अस्पतालों में एंटी फंगल इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हो रहे है। ऐसे में कई मरीज अस्पताल व चिकित्स द्वारा लिखा पर्चा लेकर इस इंजेक्शन के लिए दवा बाजार से लेकर शहर की कई दवा दुकानों पर भटक रहे हैं। जिस तरह प्रशासन द्वारा रेमडेसीविर इंजेक्शन को अस्पतालों में भर्ती मरीजों को उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई। उसी प्रकार एंटी फंगल इंजेक्शन एम्फोटेरिसन बी को अस्पतालों तक पहुंचाने का इंतजाम नहीं किया गया है। इसी बीच एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें महिला कह रही है कि यदि उसके पति को इंजेक्शन न मिला तो वो अस्‍पताल की छत से कूद जाएगी।

मरीजों को जरूरी इंजेक्शन उपलब्ध कराएं

परेशान महिला ने वीडियो में भावुक लहजे में कहा, "अब मेरे पास क्या रास्ता होना चाहिए? मैं अपने पति को तिल-तिल तड़पते नहीं देख सकती. आप बताइए कि मुझे आगे क्या करना है? अगर मुझे आज इंजेक्शन नहीं मिलते हैं, तो मैं हॉस्पिटल की छत से कूदकर आत्महत्या कर लूंगी. मेरे पास और कोई रास्ता नहीं बचा है." महिला ने वीडियो में राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी और जिलाधिकारी मनीष सिंह को उनके पदनाम से संबोधित करते हुए कहा कि वे उसकी बात को गंभीरता से लें और ब्लैक फंगस संक्रमण के कारण अस्पतालों में भर्ती मरीजों को जरूरी इंजेक्शन उपलब्ध कराएं.
 

महिला के वायरल वीडियो पर बॉम्बे हॉस्पिटल के महाप्रबंधक राहुल पाराशर ने कहा,"हमने संबंधित महिला से बात कर उसे समझाया है. वह अभी परेशान है. उसके पति को एम्फोटेरिसिन-बी के 59 इंजेक्शन पहले ही लग चुके हैं. उसे इस दवा के और इंजेक्शनों की जरूरत है."
कुछ मरीजों में यह बीमारी मिल रही है

पाराशर ने बताया कि उनके अस्पताल में एम्फोटेरिसिन-बी के इंजेक्शन फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं. लिहाजा महिला के पति और ब्लैक फंगस के दूसरे मरीजों का अन्य फंगसरोधी दवाओं से इलाज किया जा रहा है. महिला का वीडियो ऐसे वक्त वायरल हुआ है, जब ब्लैक फंगस के इलाज में आवश्यक एम्फोटेरिसिन-बी इंजेक्शनों की भारी किल्लत के चलते यहां मरीजों और उनके तीमारदारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. इस सिलसिले में निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों की स्थिति भी बदतर है. गौरतलब है कि म्यूकरमाइकोसिस को "ब्लैक फंगस" के नाम से भी जाना जाता है. कोरोना वायरस संक्रमण से उबर रहे और स्वस्थ हो चुके कुछ मरीजों में यह बीमारी मिल रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *