WTC में चयन प्रसिद्ध कृष्णा हुए कोरोना पॉजिटिव

कोलकाता

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. प्रसिद्ध कृष्णा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का हिस्सा थे. कोरोना से संक्रमित होने वाले वह केकेआर के चौथे खिलाड़ी हैं. इससे पहले वरुण चक्रवर्ती, संदीप वॉरियर और टिम सीफर्ट भी संक्रमित हो चुके हैं.

बता दें कि प्रसिद्ध कृष्णा को एक दिन पहले ही वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के फाइनल मुकाबले और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है. प्रसिद्ध कृष्णा को स्टैंडबाय के तौर पर टीम में जगह मिली है. उनके अलावा अभिमन्यु ईश्वरन, आवेश खान और अरजान नागवासवाला को भी स्टैंडबाय खिलाड़ियों के तौर पर टीम में रखा गया है.  

ये है इंग्लैंड दौरे का कार्यक्रम

टीम इंडिया 2 जून को इंग्लैंड के लिए रवाना होगी. वह 18-22 जून वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेलेगी. न्यूजीलैंड के खिलाफ ये मैच साउथैम्पटन में खेला जाएगा. इसके बाद 4 अगस्त से 14 सितंबर के बीच भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचो की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत नॉटिंघम में 4 अगस्त से होगी.

दूसरा टेस्ट मैच 12 अगस्त को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा. तीसरा टेस्ट मैच 25 अगस्त को लीड्स में होगा. चौथा टेस्ट लंदन के ओवल मैदान पर 2 सितंबर से होगा. पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच मैनचेस्टर में 10 सितंबर से होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *