IPL :खिलाड़ियों को रात 8 बजे के बाद प्रैक्टिस करने की अनुमति

मुंबई
  दुनियाभर में फैले घातक कोविड-19 वायरस का साया इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के 14वें सीजन पर भी पड़ा है. सीजन के शुरू होने से पहले कुछ खिलाड़ी इस वायरस की चपेट में आ गए हैं. इतना ही नहीं, मुंबई में कुछ ग्राउंड्समैन भी वायरस से संक्रमित पाए गए थे जिसके बाद ऐसा लग रहा था कि टीमों के प्रैक्टिस सेशन पर भी इसका असर पड़ेगा. हालांकि अब  महाराष्ट्र सरकार ने खिलाड़ियों को रात 8 बजे के बाद प्रैक्टिस करने की अनुमति दे दी है. कोविड-19 से बुरी तरह प्रभावित मुंबई में आईपीएल मैचों के आयोजन का रास्ता भी इस फैसले के बाद साफ हुआ है.

इस महामारी को रोकने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने रात के कर्फ्यू की घोषणा की है लेकिन इस दौरान रात आठ बजे के बाद खिलाड़ियों को अभ्यास करने और टीमों को होटल तक आने की अनुमति दे दी गई है. मुंबई और महाराष्ट्र में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण राज्य सरकार ने रविवार को मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी. इन दिशानिर्देशों का सोमवार से पालन भी किया जा रहा है.

राज्य सरकार ने हालांकि आईपीएल टीमों को जैव सुरक्षित वातावरण (बायो-सिक्योर) का कड़ा पालन करते हुए रात आठ बजे के बाद भी अभ्यास करने की अनुमति दे दी है. आईपीएल नौ अप्रैल से शुरू होगा जिसका पहला मैच चेन्नई में खेला जाएगा. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को जारी पत्र में आपदा प्रबंधन, राहत और पुनर्वास विभाग के सचिव श्रीरंग घोलाप ने इसकी जानकारी दी है.
घोलाप ने लिखा, ‘मैचों के समय को ध्यान में रखते हुए टीमों का सीसीआई (क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया) और एमसीए (मुंबई क्रिकेट संघ का स्टेडियम वानखेड़े) में दो सत्रों में दोपहर बाद चार बजे से शाम छह बजकर 30 मिनट और शाम सात बजकर 30 मिनट से रात 10 बजे तक अभ्यास का समय नियत किया गया है.’ मुंबई में आईपीएल के 14वें सीजन के कुल 10 मैचों का आयोजन होना है. ये सभी मैच वानखेड़े स्टेडियम में होने हैं.

इनमें से नौ मैच रात सात बजकर 30 मिनट से शुरू होंगे. इसी बीच मुंबई क्रिकेट संघ को बड़ी राहत मिली है क्योंकि वानखेड़े स्टेडियम के जिन 10 कर्मचारियों का पूर्व में परीक्षण पॉजीटिव आया था, अब उनकी टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है.

आईपीएल का 14वां सीजन 9 अप्रैल से शुरू होना है, जिसका पहला मैच रिकॉर्ड पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहला मैच महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम और पिछली बार की फाइनलिस्ट दिल्ली कैपिटल्स के बीच 10 अप्रैल को खेला जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *