मोहम्मद कैफ बोले-पिछली बार टूटा था खिताब का सपना, अब एक कदम आगे बढ़ाएंगे

मुंबई
दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच मोहम्मद कैफ ने कहा है कि नए कप्तान ऋषभ पंत सहित उनके अधिकांश खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन से पहले अच्छी लय में हैं और पिछले साल मुंबई इंडियंस के हाथों पहला आईपीएल खिताब जीतने का सपना टूटने के बाद इस बार वे एक कदम आगे बढ़ने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। शनिवार को मुंबई में क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में टीम के साथ अपने पहले प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लेने के बाद कैफ ने कहा, 'इस साल हम एक कदम आगे बढ़ना चाहते हैं और यह दिल्ली कैपिटल्स का लक्ष्य है। हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके दम पर हम खिताब जीत सकते हैं।' उन्होंने कहा, 'पिछले साल हम काफी करीब पहुंचे थे और इस सीजन में अच्छी चीज यह है कि ऋषभ पंत जैसे अधिकतर खिलाड़ियों ने काफी क्रिकेट खेला है।' कैफ ने कहा, 'वे खेल से जुड़े रहे हैं और इसलिए आईपीएल से पहले अच्छी लय में हैं।' दिल्ली के पास रविचंद्रन अश्विन, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, पृथ्वी शॉ, अक्षर पटेल, ईशांत शर्मा के अलावा स्टीव स्मिथ, कगीसो रबादा और एनरिच नोर्ट्जे जैसे इंटरनेशनल खिलाड़ी हैं जो पिछले कुछ समय में क्रिकेट के किसी ना किसी फॉर्मेट में खेले हैं।

चालीस साल के कैफ ने कहा कि टीम ने शनिवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान फ्लड लाइट में कैच लेने पर ध्यान केंद्रित किया। दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग भी क्वारंटाइन पूरा करने के बाद अपने पहले ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। कैफ ने कहा, 'मैं रिकी से निजी तौर पर मिलने को लेकर उत्सुक हूं। मैं फोन पर उनके संपर्क में हूं। मैदान पर उनके टीम से जुड़ने के बाद हम उनके साथ मिलकर आगामी दिनों की ट्रेनिंग की योजना बनाएंगे।' दिल्ली की टीम आईपीएल 2021 में अपने अभियान की शुरुआत 10 अप्रैल को मुंबई में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *