बिहार में कोरोना विस्फोट, 836 नये केस मिले, संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2942
पटना
बिहार में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का विस्फोट हुआ है। 24 घंटे में प्रदेश में 836 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं वहीं कुल एक्टिव केस भी बढ़कर 2942 हो गया है। राजधानी पटना में सर्वाधिक कोरोना पेशेंट मिले हैं। पटना में कोरोना का ग्राफ फिर तेजी से बढ़ रहा है। लगभग 116 दिन बाद पटना में सबसे अधिक 359 संक्रमित मिले हैं। इससे पहले नौ नवंबर को इससे अधिक 432 कोरोना संक्रमित मिले थे। जबकि उस समय लगातर तीन दिन संक्रमितों का आंकड़ा 300 के पार पहुंचा था। आठ नवंबर को यह आंकड़ा 306 जबकि 10 नवंबर को 304 था। उसके बाद कभी भी संक्रमितों की संख्या 350 के पार नहीं पहुंचा था।
शनिवार को चार संक्रमितों की मौत इलाज के दौरान हो गई। इनमें से तीन की मौत पीएमसीएच में जबकि एक की मौत एम्स में हुई। पीएमसीएच में पटना की पूनम देवी, छपरा की मीना देवी और गोपालगंज के मो. आलम की जबकि एम्स में बिहटा के अभय कुमार की मौत हो गई। 25 वर्षीय अभय कुमार गंभीर हालत में शनिवार को ही एम्स में भर्ती कराए गए थे।
पटना में अबतक कुल संक्रमितों की संख्या 54782 हो गई है। इनमें 53063 लोग अबतक स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1264 हो गई है। पीएमसीएच में शनिवार को कुल 59 कोरोना संक्रमित मिले। इसमें 39 पटना के हैं। संक्रमितों में गांधी मैदान, कंकड़बाग के आरएमएस कॉलोनी, कुम्हरार, राजापुर पुल, पोस्टल पार्क आदि मोहल्ले के निवासी हैं। एम्स पटना में शनिवार को सात नये मरीज भर्ती हुए जबकि एक की मौत हो गई। कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों की संख्या बढ़कर 95 हो गई।
