CRPF जवान ट्रेन में यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार

नई दिल्ली

वर्दी में किसी जवान को देखकर अपने आप उनके प्रति सम्मान का भाव जाग उठता है। लेकिन कई बाद वैसा नहीं होता जैसा हम सोचकर चलते है। वर्दी में होने के बाद भी कई जवान कुछ ऐसा हरकत कर जाते हैं जिससे सेना के प्रति सम्मान का भाव पीछे छूट जाता है। ऐसा ही एक मामला बिहार से सामने आया है। जहां सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के एक जवान को महिला यात्री के साथ यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार CRPF के उक्त जवान पर चलती ट्रेन में एक महिला यात्री के साथ यौन शोषण करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी जवान शराब के नशे में था। जवान पर आरोप है कि उसने जबरन महिला यात्री की सीट पर कब्जा किया, फिर महिला को उसी सीट पर सोने के लिए मजबूर किया। यह शर्मनाक घटना दिल्ली से चलकर गुवाहाटी जाने वाली नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस में घटी।

बिहार के छपरा जिले का रहने वाला आरोपी जवान-
आरोपी जवान बिहार के छपरा जिले के बदूरही गांव का रहने वाला है। उसका नाम नीरज कुमार बताया जाता है। जवान के खिलाफ बक्सर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता दिल्ली की रहने वाली है। वो असम जा रही थी। जब ट्रेन प्रयागराज पहुंची, तो सेना की वर्दी में उक्त जवान ट्रेन में सवार हुआ और उसकी बर्थ पर आकर बैठ गया।

प्रयागराज में ट्रेन में सवार हुआ था आरोपी जवान-
पीड़िता ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि दोपहर में जब ट्रेन प्रयागराज जंक्शन पहुंची, तो CRPF जवान नीरज कुमार मेरी सीट पर आकर बैठ गया। फिर उसने सीट पर सोने की कोशिश की। पीड़िता के अनुसार उस समय जवान शराब के नशे में था। पीड़िता ने कहा कि उसने मुझे भी उसी सीट पर सोने के लिए कहा। जब मैंने इस बात का विरोध करते हुए उसे कहीं और जाने को कहा तो उसने मेरी बात नहीं मानी और अपनी जिद पर अड़ा रहा।

पीड़िता बोली- वर्दी में होने का उठाया नाजायज फायदा-
पीड़िता के अनुसार उस समय जवान CRPF की वर्दी में था। जिसका उसने नाजायज फायदा उठाया। ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों ने भी उसे समझाया। लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। शाम 6.45 बजे ट्रेन दीन दयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पहुंची, तो पीड़िता ने बाथरूम जाकर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया।

शराब के नशे में जीआरपी ने जवान को किया गिरफ्तार-
पीड़िता का फोन मिलने के बाद रेलवे पुलिस एक्टिव हुई और अगले स्टेशन बक्सर पर आरोपी जवान को गिरफ्तार किया। बक्सर के GRP थानाध्यक्ष रामाशीष प्रसाद ने बताया कि शाम 7.51 बजे ट्रेन जब बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंची, तो स्टेशन पर GRP की टीम ने जवान को गिरफ्तार कर लिया। जवान शराब के नशे में था, इसलिए उसे मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया और टेस्ट के बाद उसे जेल भेज दिया गया। दूसरी ओर इस घटना से सेना के प्रति सम्मान की भावना पर सवाल उठे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *