सिनी शेट्टी ने जीता मिस इंडिया का खिताब

मुंबई

देश को फेमिना मिस इंडिया 2022 (Miss India 2022)  मिल गई है. सिनी शेट्टी (Sini Shetty) ने मिस इंडिया 2022 का खिताब जीता है. वह 21 साल की हैं और कर्नाटक की रहने वाली हैं. मिस इंडिया 2022 का ग्रैंड फिनाले इवेंट 03 जुलाई को मुंबई के जियो कन्वेंशन सेंटर में हुआ. विजेता सिनी शेट्टी के बाद दूसरा स्थान राजस्थान की रूबल शेखावत का रहा. वह मिस इंडिया 2022 की पहली रनरअप रहीं. वहीं, उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली शिनाता चौहान दूसरी रनरअप रहीं. मिस इंडिया 2022 के फिनाले की रात में ये सभी बेहद खूबसूरत लग रहे थे.

मिस इंडिया 2021 की विजेता रही मानसा वाराणसी (Manasa Varanasi) ने मिस इंडिया 2022 सिनी शेट्टी को क्राउन पहनाया. टॉप 5 में सिनी शेट्टी, रूबल शेखावत, शिनाता चौहान, प्रज्ञा अय्यागरी और गार्गी नंदी थे. विजेता के तौर पर सेलेक्ट होने पर सिनी के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ती हुई दिखाई दी. अन्य कंटेस्टेंट्स ने उन्हें जीत के लिए बधाई भी दी.

बता दें, सिनी शेट्टी वैसे तो कर्नाटक की रहने वाली हैं, लेकिन उनका जन्म मुंबई में ही हुआ. वह अभी चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (CFA) का प्रोफेशनल कोर्स कर रही हैं. हालांकि, उनका पहला प्यार डांसिंग रहा है, उन्होंने चार साल की उम्र में डांस करना शुरू कर दिया था और 14 साल की उम्र में उन्होंने अपना अरंगत्रम और भरतनाट्यम समाप्त कर दिया था.

रूबल को बैडमिंटन खेलना पसंद

मिस इंडिया 2022 की उपविजेता रूबल शेखावत के बारे में बात करें तो उन्हें डांस, एक्टिंग, पेंटिंग जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में रुचि है और उन्हें बैडमिंटन खेलना भी पसंद है. जबकि मिस इंडिया 2022 सेकेंड रनर-अप शिनाता चौहान एक स्कॉलर रही हैं और हमेशा लीडरशिप वाले काम करने की इच्छुक रही हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *