आस्ट्रेलिया के खिलाफ 30 साल बाद सीरीज जीतने पर जयसूर्या सहित इन दिग्गजों ने दी टीम को शुभकामनाएं

नई दिल्ली
टी20 सीरीज गंवाने के बाद श्रीलंका टीम ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में जबरदस्त वापसी की है। चौथे वनडे मैच में श्रीलंका ने आस्ट्रेलिया की टीम को हराकर न केवल 4 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की बल्कि 5 मैचों की सीरीज में 3-1 से विजयी बढ़त भी हासिल कर ली है। 30 साल बाद श्रीलंका ने अपनी जमीन पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीती है। ऐसे मौके पर जब श्रीलंका, आर्थिक समस्या का सामना कर रहा है टीम ने फैंस के चेहरे पर इस जीत से खुशी लाई है। इस जीत पर न केवल श्रीलंका के क्रिकेट फैंस खुश है बल्कि टीम के कई दिग्गजों ने भी इस टीम की तारीफ की है।

श्रीलंका के पूर्व दिग्गज सनथ जयसूर्या ने टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि बतौर टीम शानदार प्रयास शाबाश भावुक महसूस कर रहा हूं। जयसूर्या के अलावा श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चामिंडा वास ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्विटर पर कप्तान दसुन शनाका और पूरी टीम को बधाई दी है। उन्होंने पूरी टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी है। पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर रोशन महनामा ने भी इस जीत पर टीम को बधाई दी है। उन्होंने लिखा है कि आपने दिखाया कि जब लायन टीम की तरह खेलते हैं तो क्या कर सकते हैं। सीरीज का आखिरी वनडे मैच 24 जून शुक्रवार को प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। आस्ट्रेलिया ने टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *