टीएमसी ने राहुल, सोनिया को ईडी के समन पर कसा तंज, साथ देने से साफ इनकार

कोलकाता
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को ईडी के सामने पेश हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में मार्च निकाला और जगह-जगह प्रदर्शन किए। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। कांग्रेस के मार्च पर टीएमसी के मुखपत्र 'जागो बांग्ला' ने तंज कसा और इसे पाखंड बताया है। मुखपत्र के मुख्य पृष्ठ की हेडिंग थी, 'राहुल गांधी को ईडी का समन, कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, अस्पताल में सोनिया गांधी।' बता दें कि एक दिन पहले ही कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को कोविड संबंधी दिक्कतों की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है। ईडी ने उन्हें 23 जून को पेश होने का समन भेजा था। जागो बांग्ला के आर्टिकल में लिखा गया, 'जब उन्हें एजेंसियों का समन मिला तो कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व डर से कांपने लगा।' बता दें कि राहुल गांधी से ईडी ने नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ की।

ईडी ऑफिस में राहुल गांधी से पूछताछ को लेकर अपडेट्स यहां
अखबार की रिपोर्ट में लिखा गया, 'टीएमसी अपने दृष्टिकोण को लेकर स्पष्ट रुख अपनाती है। कांग्रेस ने जो विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है यह अवसरवादी और डबल स्टैंडर्ड की राजनीति है।' टीएमसी ने कांग्रेस नेता  अधीर रंजन चौधरी पर भी तंज कसा। अखबार में लिखा गया, बंगाल में कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी जो कि पार्टी को जीरो के आंकड़े पर लेकर आए हैं, रोज ही टीएमसी पर हमला करते हैं। अब वह और कांग्रेस पार्टी और क्या कहना चाहेगी?

जागो बांग्ला में कहा गया कि कांग्रेस को ईडी के समन का समर्थन करना चाहिए क्योंकि जब टीएमसी नेताओं को समन किया जाता था तो वे लोग इस कार्यवाही का समर्थन करते थे। बता दें कि टीएमसी के मुखपत्र में यह बातें तब कही गईं हैं जबकि 15 जून को ही ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी समेत विपक्ष के नेताओं के साथ बैठक की योजना बनाई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *