सीएम हाउस में लंच, सीएम चौहान ने पंचायत और नगरीय निकाय के लिए जीत का दिया मंत्र

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों से कहा है कि पंचायत और नगरीय निकाय के चुनाव में जीत के लिए सभी को काम करना है। पंचायत चुनाव भले ही गैर दलीय आधार पर हो रहे हैं लेकिन मंत्री ध्यान रखें, हमें ज्यादा से ज्यादा पार्टी कार्यकतार्ओं को पंचायत चुनाव में जिताना है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अगर नगर निकाय चुनाव में पार्टी द्वारा तय किया गया कैंडिडेट नहीं जीता तो आने वाले पांच साल तक मंत्रियों को उस महापौर, नगरपालिका अध्यक्ष या पार्षद के क्षेत्र में मंच पर बैठने की जगह नहीं मिलेगी, जहां से पार्टी का कैंडिडेट हार जाएगा।

सीएम निवास पर लंच के साथ चर्चा के लिए बुलाई गई बैठक में सीएम चौहान ने कहा कि मंत्री पार्टी के नेता होने के साथ पब्लिक फेस भी हैं। आपको देखकर अफसर, जनता और कार्यकर्ता अपनी भावना व्यक्त करते हैं। मंत्रियों का व्यवहार कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ मधुर और समन्वय भरा होना चाहिए। इस मौके पर सोशल मीडिया पर मंत्रियों की सक्रियता का मसला भी उठा जिसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी के बड़े नेताओं के ट्वीट री-ट्वीट करने के साथ यह भी पता होना चाहिए कि आखिर उसमें कहा क्या गया है? यह पता होगा तभी उसे व्यक्त करने और अपने क्षेत्र में उस पर काम कर सकेंगे। सीएम चौहान ने सत्ता और संगठन के तालमेल को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेताओं द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों को लेकर भी बैठक में चर्चा की।

नड्डा की इन नसीहतों पर चर्चा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसी माह भोपाल और दो माह पहले इंदौर प्रवास के दौरान मंत्रियों, सांसदों, विधायकों से कहा था कि आप एक्टिव रहो। प्रभारी मंत्री को जिले में एक रात रुकना चाहिए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता और जनता से मिलना चाहिए। कैबिनेट से पहले और बाद में बिना अफसरों के औपचारिक बैठक करना चाहिए। इसमें प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक सहित अन्य सभी तरह के मसलों पर खुलकर बात होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *