पटना से राजगीर की दूरी 33 किलोमीटर होगी कम, सीएम नीतीश ने किया हवाई सर्वे; एक दर्जन से ज्यादा गांवों का होगा विकास

पटना-बिहारशरीफ
पटना से राजगीर की दूरी 33 किलोमीटर कम हो जाएगी। टूरिस्ट वे ऑफ राजगीर के निर्माण से पटना से राजगीर की दूरी महज 75 किलोमीटर रह जाएगी। वर्तमान में पटना से बख्तियारपुर व बिहारशरीफ होते हुए राजगीर की सड़क दूरी 108.43 किलोमीटर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने करौटा-सालेहपुर-राजगीर पथ का शुक्रवार को हवाई सर्वेक्षण कर जायजा लिया और पदाधिकारियों को नूरसराय से राजगीर तक प्रस्तावित पथ को ग्रीन फील्ड परियोजना के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पथ के निर्माण से राजगीर तक पहुंचने में दूरी कम हो जायेगी और समय की भी बचत होगी। लोगों को इससे बख्तियारपुर-ताजपुर पथ होते हुए वैशाली तक जाना सुगम हो जाएगा। यह बुद्ध सर्किट के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने सालेहपुर में आवश्यकता के अनुरूप एलिवेटेड पथ एवं आरओबी बनाने की दिशा में कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। मालूम हो कि नूरसराय में रेललाइन पार करने के लिए आरओबी (रेल ओवरब्रिज) का निर्माण किया जा रहा है।

ऐसे में सालेहपुर से नानंद रोड में बिना रोक-टोक के वाहन जाने के लिए अंडरपास बनाये जाने पर सहमति बनी है। वहीं करौटा से ताजपुर-बख्तियारपुर पुल से जोड़ने के लिए नये रूट की भी तलाश की जा सकती है। पटना से करौटा की दूरी 30 किलोमीटर, करौटा के जगदंबा स्थान से तेलमर, नरसंडा, कचरा, भेड़िया, उतरा होते हुए सालहेपुर की दूरी 19.43 तो सालेहपुर से राजगीर की ग्रीनफील्ड दूरी करीब 26 किलोमीटर रह जाएगी। हवाई सर्वेक्षण में सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सीएम के सचिव अनुपम कुमार भी मौजूद थे।

बुद्ध सर्किट से जोड़ने की योजना
टूरिस्ट वे ऑफ राजगीर शीघ्र ही बुद्ध सर्किट का हिस्सा बनेगा। यह सर्किट कुशीनगर से वैशाली, करौटा, तेलमर, सालेहपुर, सिलाव, नानंद, नालंदा, राजगीर, गया, सारनाथ होते हुए पुन: कुशीनगर में मिल जाएगा। आधिकारिक सूत्रों की मानें तो जापान की टीम ने हफ्तेभर पहले सीएम से मुलाकात की थी। टीम से बुद्ध सर्किट के निर्माण पर विस्तृत चर्चा हुई थी। टीम अपनी रिपोर्ट जापान सरकार को सौपेंगी। संभव है कि जापान इसपर सहमति दे और शीघ्र ही सर्किट निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

पथ निर्माण के प्रमुख अभियंता हनुमान चौधरी ने कहा, 'टूरिस्ट वे ऑफ राजगीर ऐसे स्थानों से गुजरा है, जहां आबादी कम है। ऐसे में इस रोड पर ट्रैफिक लोड कम होगा। साथ ही, दर्जनभर से अधिक नये गांवों का विकास होगा। करौटा से सालेहपुर के लिए 10 मीटर चौड़ी सड़क बन रही है। सालेहपुर से राजगीर की सड़क को ग्रीनफील्ड में शामिल करने पर चर्चा हुई है।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *