रीवा के भूतपूर्व सैनिक का देश सेवा का जज्बा, गांव के युवाओं को सेना भर्ती के लिए दे रहे फ्री ट्रेनिंग
रीवा।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया क्षेत्र स्थित बहुरि बांध के निवासी भूतपूर्व सैनिक दिवाकर द्विवेदी लोगों के लिए मिसाल बन गए हैं। द्विवेदी इन दिनों युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का निःशुल्क प्रशिक्षण देकर मिसाल पेश कर रहे हैं। द्विवेदी के द्वारा किए जा रहे इस काम की सराहना हर तरफ की जा रही है। बीते तीन सालों से दिवाकर द्विवेदी गांव-गांव घूमकर युवाओं को सेना में भर्ती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक द्विवेदी से ट्रेनिंग लेने वाले 20 जवानों का आर्मी में सिलेक्शन हो चुका है। वहीं दिवाकर द्विवेदी ने आने वाली आर्मी भर्ती में अन्य 100 लोगों को भर्ती कराने का लक्ष्य रखा है, जिसे लेकर वो युवाओं के साथ लगातार मेहनत कर रहे हैं।
द्विवेदी साल 2019 में आर्मी से रिटायर होकर अपने गांव आए थे, लेकिन यहां भी उनका जज्बा कम नहीं हुआ। गांव आने के बाद दोबारा से उन्होंने देश सेवा के लिए काम शुरू कर दिया। द्विवेदी के द्वारा जिले भर के अलग-अलग गांवों में घूम-घूमकर युवाओं को आर्मी में जाने के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इतना ही नहीं समय-समय पर युवाओं को जगाने दिवाकर द्विवेदी के द्वारा तिरंगा यात्रा भी निकाली जाती है।
इस समय 500 से ज्यादा को दे रहे ट्रेनिंग
दिवाकर कहते हैं कि साल 2019 में रिटायर होने के बाद उन्होंने रीवा जिले के युवाओं को सेना में भर्ती कराने के लिए प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया। इसके लिए वह सुबह 4:00 बजे उठकर अलग-अलग क्षेत्रों में गांव-गांव का भ्रमण करते हैं। फिलहाल दिवाकर 500 से अधिक युवाओं को ट्रेनिंग दे रहे हैं। इसके अलावा दिवाकर द्विवेदी से प्रशिक्षित तकरीबन 20 छात्रों को आर्मी में सिलेक्शन मिल गया है।
साल 2019 में हुए थे रिटायर
दरअसल बचपन से ही दिवाकर द्विवेदी खेलकूद में रुचि रखते थे। साल 2002 में वह भारतीय सेना में भर्ती हुए तथा 17 वर्षों की सर्विस कंप्लीट करके वह साल 2019 में रिटायर हो गए। तब उन्होंने सोचा कि अपना आगे का जीवन देश के कार्य में ही लगाया जाए। जिसके बाद उन्होंने जिलेभर में घूम-घूम कर युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया।
