फिर ट्वीट की गफलत में फंसे दिग्विजय सिंह,पूर्व CM फोबिया के मरीज

 भोपाल
 पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह फिर गलत ट्वीट कर भाजपा के निशाने पर आ गए। इस बार उन्होंने छतरपुर में अवैध शराब के विक्रय को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के संसदीय क्षेत्र खजुराहो से जोड़कर ट्वीट किया, जबकि छतरपुर का यह स्थान खजुराहो संसदीय क्षेत्र में है ही नहीं। इसे लेकर प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने ट्वीट कर तंज कसा कि दिग्विजय सिंह को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का फोबिया हो गया है।

दिग्विजय सिंह ने सोमवार को तीन ट्वीट किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव क्षेत्र के शराब ठेकेदार नितिन वाजपेयी के ढाबों पर अवैध शराब बेचने के लिए बजरंग दल के संयोजक का लेन-देन को लेकर झगड़ा होता है। शराब ठेकेदारों के कर्मचारियों की बजरंग दल का संयोजक सुरेंद्र शिवहरे पिटाई करता है। सबको खुलेआम धमकी देता है। थाने में रिपोर्ट होती है, पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। संयोग से उमा भारती भी इसी संसदीय क्षेत्र की सांसद रही हैं। अब देखते हैं कि बजरंग दल के इस संयोजक और उसके साथियों की गिरफ्तारी होती है या नहीं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से जोड़कर किए गए इस ट्वीट को भाजपा पदाधिकारियों ने झूठा करार दिया। पार्टी के इंटरनेट मीडिया के संयोजक अभिषेक शर्मा ने ट्वीट किया कि पार्टी हाईकमान की डांट पड़ने के बाद भी झूठ बोलने की आदत नहीं जा रही है। पता नहीं, उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से क्या खौफ है, जो उनके लोकसभा के आसपास की घटना को भी खजुराहो से जोड़कर बदनाम करने की कोशिश करते हैं। मालूम हो कि इसके पहले वे खरगोन के धार्मिक स्थल पर भगवा ध्वज फहराने की गलत फोटो ट्वीट कर विवाद में फंस चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *