MP News: इबरेश खान की हत्या के मामले में बड़ा एक्शन, 5 आरोपी गिरफ्तार
खरगोन
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में इबरेश उर्फ सद्दाम खान की मौत के मामले में पुलिस ने गुरुवार को 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया. सद्दाम की मौत रामनवमी पर हुई सांप्रदायिक हिंसा में हुई थी. इस हत्या के तीन आरोपी अभी भी फरार हैं. पुलिस ने बताया कि हत्या का कारण कोई पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि धार्मिक उन्माद ही है. पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.
प्रभारी पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि इबरेश की हत्या के आरोप में आनंद नगर इलाके के संदीप, दिलीप, अजय, दीपक प्रधान और अजय कर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस मामले में तीन आरोपी फिलहाल फरार हैं. हत्या की वजह पुरानी रंजिश नहीं है, धार्मिक उन्माद है. पथराव के चलते विभिन्न सबूतों के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की गई और उन्हें आनंदनगर और रहीमपुरा इलाके से गिरफ्तार किया गया. गौरतलब है की परिजनों ने भी हिंसा में मौत का आरोप लगाया था.
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
गौरतलब है कि सद्दाम की मौत रामनवमी पर 10 अप्रैल को ही हो गई थी. 11 अप्रैल को उसकी लाश कपास मंडी आनंद नगर में मिली थी. वह नगर पालिका का सफाई कर्मचारी था. चूंकि, उस वक्त उसकी लाश की शिनाख्त नहीं हो सकी, तो कर्फ्यू के चलते पोस्टमॉर्टम कराकर शव को इंदौर के अस्पताल भेज दिया गया था. इबरेश के परिजनों ने 14 अप्रैल को कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी. 17 अप्रैल को पुलिस ने परिजनों से उसकी शिनाख्त कराई और 18 अप्रैल को शव उन्हें सौंप दिया. पुलिस ने परिजनों को बताया कि इबरेश के सिर में चोट आई थी. बता दें, इबरेश की मौत के बाद परिजनों में रोष था. पुलिस ने अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था.
हिंसा का एक और आरोपी गिरफ्तार
खरगोन में रामनवमी पर हुई सांप्रदायिक हिंसा के मामले में पुलिस ने उपद्रव में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसकी गिरफ्तारी इंदौर के चंदननगर से हुई है. इस आरोपी पर एनएसए के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस के मुताबिक, सेजू उर्फ फिरोज पान वाला शहर में पथराव कराने वाला मास्टरमाइंड था. आरोपी को पुलिस ने विडियो फुटेज के आधार पर पकड़ा है. खरगोन में उपद्रव के बाद तीसरे व्यक्ति पर पुलिस ने एनएसए की कार्रवाई की है. बता दें, पथराव-आगजनी और हिंसा के मामले में अब तक कुल 168 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं. प्रभारी एसपी रोहित काशवानी ने मीडिया को बताया कि सेजू पान वाला पथराव की घटना में शामिल था. उस पर 6 अपराध पहले से दर्ज हैं.
