अवैध रेत खनन : 3 माह में 3.5 हजार प्रकरण दर्ज, 5 जिले अव्वल

भोपाल
प्रदेश में अवैध रेत खनन और परिवहन करने वाले खनन माफिया पर सरकार ने शिकंजा कस दिया है। पिछले तीन महीनें में पुलिस, खनिज और फारेस्ट विभाग ने प्रदेशभर में खनन माफिया पर साढ़े तीन हजार से अधिक प्रकरण दर्ज किए है। इनके पास से सवा लाख घन मीटर रेत और साढ़े तीन हजार वाहन जब्त किए गए है। खनिज विभाग ने सर्वाधिक 2545 प्रकरण दर्ज किए गए है।

पुलिस ने 944 प्रकरण दर्ज किए है। वन विभाग ने भी 42 मामले अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर दर्ज किए है। खनिज विभाग ने प्रकरण भले ही अधिक दर्ज किए है लेकिन गिरफ्तार 63 लोगों को ही किया है। पुलिस ने 794 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुल  857 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।  अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लगे 3490 वाहनों को जप्त किया गया है। वहीं 28 वाहन राजसात किए गए है।

अवैध खनन भिंड, सीहोर, देवास अव्वल
अवैध रेत खनन और परिवहन के मामले में भिंड में सर्वाधिक 43 हजार 280 घनमीटर रेत जब्त की गई है। अूपपुर में 25 हजार 169 और सीहोर में 10 हजार 968 घनमीटर रेत जप्त की गई है। अवैध रेत खनन और परिवहन के सर्वाधिक मामले 190 देवास में दर्ज किए गए है। शहडोल में 165 और भिंड में 144 प्रकरण दर्ज किए गए है। खनगौन में 132 और रीवा में 123 मामले दर्ज किए है।

पनडुब्बी-पोकलेन से नदी के बीच में जाकर रेत खनन
सीहोर के नसरुल्लागंज थानांतर्गत जनवरी में नर्मदा नदी के किनारे अवैध रेत खनन करते हुए 5 पोकलेन मशीन एवं ढाई हजार घनमीटर अवैध रेत जब्त की गई। अलीराजपुर में जनवरी और मार्च में 11 प्रकरण दर्ज कर 10 वाहन एवं 552 घनमीटर अवैध रेत जब्त की गई। 6 प्रकरणों में राजसात करने की कार्यवाही की गई। मंदसौर जिले में जनवरी में अवैध खनन प्रमाणित पाए जाने पर अवैध उत्खनन करने वालों के विरुद्ध एक करोड़ 45 लाख रुपए का जुर्माना वसूल करने के आदेश जारी किए गए। भिंड जिले में जनवरी में मुसावली और अजीता सिंध नदी घाट पर आठ पनडुब्बियों का विनिष्टीकरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *