लोडिंग वाहन पलटा, 25 घायल, एक महिला की मौत, चार गंभीर

चंदेरी
 चंदेरी से उप्र के ललितपुर जाने वाले मार्ग स्थित प्राणपुर घाटी पर शनिवार को दोपहर में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां मजदूरों से खचाखच भरी लोडिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे गाड़ी में सवार 25 लोग घायल हुए और एक महिला की मौत हो गई। यह सभी घायल मजदूर हैं और फसल काटकर वापस ललितपुर जिले में स्थित अपने गांव सेरवास जनपद तालबेहट के लिए लौट रहे थे। घायलों में महिला और बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार लोडिंग वाहन क्रमांक उप्र 94 सी 9109 में मजदूरों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया गया था। यह गाड़ी ग्राम भोरासा की ओर से लौट रही थी। गाड़ी में सवार सभी लोग चना और मसूर की फसल काटने के लिए कुछ दिन पहले ग्राम भोरासा गए थे। बताया जाता है कि दोपहर के समय ललितपुर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक कम था। ऐसे में इन मजदूरों की गाड़ी की रफ्तार भी अधिक थी। जब यह लोडिंग गाड़ी प्राणपुर घाटी पर पहुंची, तभी अचानक मोड़ आने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। ऐसे में गाड़ी के अंदर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद राहगीर व आसपास के लोग मदद के लिए आगे आए। सभी घायलों को यहां से सीधे चंदेरी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों की मदद के लिए चंदेरी विधायक गोपाल सिंह चौहान के बेटे विजयप्रताप सिंह आगे आए। इन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों के त्वरित इलाज के लिए दो एंबुलेंस भिजवाईं। वहीं, तहसीलदार ने घायलों को पांच-पांच हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *