9 विकेट लेकर उमेश अभी भी पहले स्थान पर बरकरार, मुंबई के गेंदबाज मिल्स ने टॉप-10 में बनाई जगह
नई दिल्ली
आईपीएल 15 के 14वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार तेज गेंदबाज उमेश यादव ने एक बार टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को तीसरे ओवर में ही पवेलियन का रास्ता दिखा दिया था। इस मैच में उमेश को सिर्फ एक विकेट मिला। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में सिर्फ 25 रन खर्च किए। हालांकि एक विकेट की बदौलत वह इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में टॉप पर अभी भी बरकरार हैं और पर्पल कैप के हकदार बने हुए हैं।
उमेश यादव का ये सीजन अभी तक काफी शानदार रहा है। उन्हें लगभग हर मैच में विकेट मिला है। कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए उमेश यादव ने आईपीएल 2022 में 4 मैचों में कुल 9 विकेट झटक लिए हैं। इस दौरान उनकी इकॉन्मी 5.25 रही है।
पर्पल कैप की रेस में उमेश के काफी करीब सिर्फ चहल और आवेश खान हैं। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे युजवेंद्र चहल ने 3 मैचों में 7 विकेट लिए हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आवेश खान हैं। उन्होंने भी तीन मैचों में 7 विकेट झटके हैं। आवेश के पास आज लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच में पर्पल कैप हासिल करने का शानदार मौका होगा। पंजाब किंग्स के राहुल चाहर तीन मैचों में 6 विकेट के साथ चौथे स्थान पर हैं। आरसीबी के ऑलराउंडर वानिन्दु हसरंगा ने भी 3 मैचों में 6 विकेट लिए हैं और वह लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं।
