गीतांजलि कॉलेज की मार्कशीट में कोविड-19 अंकित, पांच हजार छात्राओं की दोबारा देना होगी अंकसूची
भोपाल
गीतांजलि कॉलेज प्राचार्य डॉ. अल्का डेविड ने यूजी-पीजी की मार्कशीट में कोविड-19 अंकित कराया। इसकी शिकायत विभाग में दर्ज कराई गई। इसके बाद विभाग ने प्राचार्य डेविड से जवाब तलब किया इस पर प्रिंसीपल ने गलती को स्वीकार किया और विभाग से माफी मांगी। गीतांजलि कॉलेज द्वारा गत वर्ष यूजी और पीजी की सभी छात्राओं को कोरोना लिखित मार्कशीटें आवंटित की गई हैं।
जबकि शासन ने ओपन बुक एग्जाम लेने के बाद कोरोना संक्रमण का जिक्र करने तक से इंकार कर दिया था। इसके बाद भी गीतांजलि कालेज की छात्राओं को कोरोना युक्त मार्कशीटें आवंटित कर दी गई हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने कोरोना प्रिंटेड मार्कशीट पर प्राचार्य से जवाब तलब किया तो उन्होंने माफी मांग ली।। हालांकि अभी विभाग की आगामी कार्रवाई लंबित है।
पांच हजार मार्कशीट दोबारा होंगी तैयार
गीतांजलि कालेज के यूजी और पीजी कोर्स में करीब पांच हजार छात्राएं प्रवेशरत हैं। उनकी ओपन बुक एग्जाम लेकर उन्हें कोविड युक्त अंकसूची दी गई हैं। विभाग कार्रवाई होने के बाद छात्राओं को दोबारा से कोविड मुक्त अंकसूचियां दी जा रही हैं। प्रोफेसरों का कहना है प्राचार्य की गलती के कारण कालेज की राशि फिजूल खर्ची हो रही है। ऐसी आर्थिक अनियमितता पर सख्त कार्रवाई होने के साथ वसूली भी होना चाहिए।
छुट्टी के दिन भी स्कूल खुलने की शिकायत
गुड़ी पड़वा और चैत्र नववर्ष की छुट्टी के सरकार आदेश पर शनिवार को शहर के स्कूल और कॉलेज बंद रहे। इसके बाद भी कई स्कूल खुले रहे। इन स्कूलों की शिकायत अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी से की है। उनकी टीम ने साकेत नगर स्थित सागर पब्लिक स्कूल सहित उनके सभी ब्रांच के खुले होने की शिकायत पर औचक निरीक्षण किया। डीईओ नितिन सक्सेना इसकी जानकारी कलेक्टर कार्यालय भेजने के साथ ही स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।
