खाट कैबिनेट का संदेश: मंत्री और ब्यूरोक्रेट्स किसी को रियायत नहीं

भोपाल
सीएम शिवराज सिंह चौहान अब 2023 के विधानसभा चुनाव को बेस बनाकर चौतरफा विकास के रोडमैप पर काम कर रहे हैं। सीएम के एक्शन प्लान में न खुद के लिए कोई आराम है और न ही मंत्रियों और सरकारी मशीनरी में काम करने वाले ब्यूरोक्रेट्स को ही कोई रियायत दी जाने वाली है।  सीएम चौहान ने साफ कर दिया है जो सरकार की प्राथमिकता को मानेगा वही चलेगा।

पचमढ़ी में दो दिन तक हुई चिंतन बैठक में जहां एक ओर शिवराज सरकार ने एक दिन में 12 घंटे तक लगातार कैबिनेट बैठक करने का रिकार्ड बनाया है, वहीं दूसरी ओर चिंतन के दौरान कुर्सी के साथ खाट पर बैठक किए गए मंथन के जरिये मंत्रियों को यह संदेश भी दिया है कि विभागीय नवाचारों के जरिये ऐसे काम करने पर सरकार का फोकस रहेगा जो जनता का दिल जीतने वाले हों और इसके लिए बनाई गई व संचालित योजनाओं की डिलीवरी सिस्टम में कसावट भी लानी होगी। चिंतन बैठक से रविवार की आधीर रात लौटने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब जबकि रूटीन कामकाज में जुट गए हैं और वे गोवा के मुख्यमंत्री के शपथ समारोह में शामिल होने जा पहुंचे हैं।

वहीं दूसरी ओर दो दिन तक चली बैठक के राजनीतिक मायनों की तलाश भी सत्ता और संगठन स्तर पर शुरू हो गई है। बैठक के लिए रवाना होने से पहले सीएम शिवराज का अफसरों को यह संदेश की सरकार उनके हिसाब से ही चलेगी और अगर किसी को दिक्कत है तो उन्हें हटाने में देर नहीं लगेगी। इसके बाद 48 घंटे से अधिक समय तक लगातार मंत्रियों के साथ मंथन और संवाद से यह साफ हो गया है कि अब शिवराज सरकार चुनावी मोड में है और उन फैसलों पर ज्यादा फोकस होगा जो जनता से सीधे जुड़Þे हैं।

व्यापक परिणाम देने वाली योजनाओं पर सरकार फोकस करेगी, यह भी संदेश सीएम चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी 2.0, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सीएम राईज स्कूल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, निर्माण कार्यों में पेटी कांट्रेक्ट के जरिये होने वाले करप्शन पर अंकुश की तैयारी, किसानों और भूमिस्वामियों के हित में लिए गए फैसले, महंगाई रोकने खाद्य तेल के उत्पादन पर जोर देने वाली नीति समेत अन्य निर्णयों के माध्यम से दिया है। साथ ही मंत्रियों को भी उन्होंने यह संदेश दे दिया है कि मेहनत करने और जनता के बीच उनका भरोसा कायम रहने से ही उनकी कुर्सी सुरक्षित रखेगी। इसलिए किसी तरह की कमी मेहनत में नहीं होनी चाहिए।

इंटरनेशनल वाइल्डलाइफ कॉन्फ्रेंस भी बढ़ाएगी प्रदेश का मान
चिंतन बैठक में जो फैसले हुए हैं उसमें प्रदेश में इंटरनेशनल वाइल्ड लाइफ कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इससे पर्यटन और वाइल्ड लाइफ के मामले में प्रदेश का मान देश विदेश में बढ़ेगा। साथ ही यह तय हुआ है कि प्रदेश में पशुओं के इलाज के लिए वेटनरी टेलीमेडिसिन की व्यवस्था की जाएगी। सीएम चौहान ने यह भी बताया कि देश में पहली एकीकृत नवकरणीय ऊर्जा नीति अर्थात जल, वायु और पवन से विद्युत उत्पादन की नीति बनाई जा रही है। इस प्रकार उत्पादित ग्रीन एनर्जी के स्टोरेज की व्यवस्था भी की जा रही है। इसी प्रकार फसलों की बीमारी के संबंध में भी कृषि विज्ञान केंद्र से टेलीफोन द्वारा सलाह देने की व्यवस्था स्थापित की जाएगी। एक अन्य निर्णय में कहा गया है कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक सेल्समेन के पास एक दुकान की जिम्मेदारी रहे। उपभोक्ता संघों का भी परीक्षण किया जाएगा। एक सेल्समेन के पास एक दुकान रहेगी तो इन दुकानों को बहुउद्देशीय भी बनाया जा सकेगा। इन दुकानों पर कॉमेंट सर्विस सेंटर, बिजनेस कॉरस्पॉडेंट के साथ बिजली बिल जमा कराने की सुविधा भी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *