CM की घोषणा का लाभ नहीं मिल सकेंगे 6 हजार आरक्षक
भोपाल। प्रदेश पुलिस के बल में 6 हजार आरक्षकों की भर्ती में फिलहाल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा का लाभ नहीं मिल सकेगा। ऐसा माना जा रहा था कि सीएम के ऐलान के बाद इस भर्ती में भी लिखित परीक्षा के सिर्फ 50 फीसदी अंक ही चयन के लिए शामिल किये जाएंगे,लेकिन पुलिस मुख्यालय ने यह साफ कर दिया है कि फिलहाल जो भर्ती चल रही है उसमें शारीरिक परीक्षा के 50 फीसदी अंक नहीं दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कुछ दिनों पहले घोषणा की थी कि पुलिस आरक्षकों की भर्ती में अब 50 फीसदी अंक शरीरिक परीक्षा के दिए जाएंगे। दरअसल इस ऐलान के जरिये मुख्यमंत्री ने ग्रामीण एवं शरीरिक रूप से मजबूत लोगों को पुलिस में आने के अवसर बढ़ाने वाला माना जा रहा है।
सीएम के इस ऐलान के बाद पुलिस मुख्यालय इस पर काम कर रहा है। हालांकि पूर्व में भी शारीरिक परीक्षा के 50 फीसदी अंक दिये जाते थे, लेकिन व्यापमं से लिखित परीक्षा आयोजित होने के बाद इस व्यवस्था को खत्म कर दिया गया था। अब फिर से शारीरिक परीक्षा के अंक चयन में जोड़े जाएंगे।
इनसे तय होंगे अंक
शारीरिक परीक्षा के अंक के लिए चार इवेंट आयोजित होंगे। जिसमें 800 मीटर की लंबी दौड़, 100 मीटर की दौड, लॉन्ग जम्प, गोला फेंक में अंक दिए जाएंगे, पहले भी पुलिस आरक्षक भर्ती में इन चारों इवेंट के नंबर दिए जाते थे। बाद में यह व्यवस्था बदल गई थी। हालांकि कैसे नंबर तय किए जाएंगे, इस पर पुलिस मुख्यालय ने काम शुरू कर दिया है। अगली भर्ती में मुख्यमंत्री की घोषणा अनुरूप शारीरिक परीक्षा के नंबर मिलना शुरू हो जाएंगे।
