ITBP का जवान IED की चपेट में आने से शहीद, एक घायल, सड़क निर्माण को सुरक्षा देने निकली थी सर्चिंग पार्टी

नारायणपुर
छत्तीसगढ़ के अति संवेदनशील नारायणपुर जिले में आईईडी (Improvised Explosive Device) बम की चपेट में आने से एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक जवान घायल है। जवान सड़क निर्माण को सुरक्षा देने के लिए निकले थे, तभी ब्लास्ट हो गया। शहीद व घायल आईटीबीपी 53 बटालियन के जवान हैं। सोनपुर थानाक्षेत्र के ढोंडरीबेड़ा के पास नक्सलियों ने यह आईईडी प्लांट किया था। नारायणपुर एसपी सदानंद कुमार ने घटना की पुष्टि की है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह आईटीबीपी 53 बटालियन के जवान सड़क निर्माण को सुरक्षा देने निकले थे। सोनपुर थाना के ढोंडरीबेड़ा के पास पहुंचे थे कि एक जवान का पैर आईईडी के ऊपर आ गया। पैर का प्रेशर पड़ते ही आईईडी ब्लास्ट हो गया। यह हादसा सुबह लगभग 8.30 बजे के करीब हुआ है। शहीद जवान का नाम राजेंद्र सिंह है, जो आईटीबीपी में ASI के रूप में पदस्थ था। वहीं घायल जवान का नाम महेश है। घायल जवान को जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती कराया गया है। जवान अभी मौके पर ही मौजूद हैं। क्षेत्र में सर्चिंग बढ़ा दी गई है।

एक दिन पहले सुकमा में 3 जवान हुए घायल
बता दें कि सुकमा जिले में रविवार को पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें डीआरजी के 3 जवान घायल हो गए हैं। घायल जवानों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मुठभेड़ में कई नक्सलियों को भी गोली लगने का दावा पुलिस अफसर कर रहे हैं। केरलापाल क्षेत्र में चिचोरगुड़ा के पास बड़ी संख्या में नक्सलियों के जमावड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद डीआरजी के जवानों को रवाना किया गया था। घात लगाए बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें डीआरजी के जवान सोमारू राम पोयाम, नेहरू कश्यप व वेट्टी देवा घायल हैं। सभी जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है।  

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *