वर्ल्ड बैंक यूक्रेन को 23,001 करोड़ रुपये की मदद देने की तैयारी में
वॉशिंगटन
रूस (Russia) का हमला झेल रहे यूक्रेन (Ukraine) को चारों ओर से मदद मिल रही है. अमेरिका (US) और कई यूरोपीय देशों से मदद में हथियारों की खेप मिलने के बाद यूक्रेन को दुनिया भर के लोगों ने अरबों की क्रिप्टोकरेंसीज दान की. अब युद्धग्रस्त यूक्रेन की मदद करने के लिए इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड (IMF) और वर्ल्ड बैंक जैसी संस्थाएं सामने आई हैं.
पहले भी इतनी मदद दे चुका है आईएमएफ
आईएमएफ का एक्सीक्यूटिव बोर्ड यूक्रेन को 1.4 बिलियन डॉलर यानी करीब 10,758 करोड़ रुपये की इमरजेंसी फंडिंग को मंजूरी दे चुका है. इसी तरह वर्ल्ड बैंक यूक्रेन को 3 बिलियन डॉलर यानी करीब 23,001 करोड़ रुपये की मदद देने की तैयारी कर रहा है, जिसमें कम से कम 350 मिलियन डॉलर यानी करीब 2,700 करोड़ रुपये की इमरजेंसी फंडिंग शामिल है. आईएमएफ की यह मदद पिछले साल दिसंबर में दिए गए 700 मिलियन डॉलर 2.7 बिलियन डॉलर के इमरजेंसी रिजर्व से इतर है.
रूस के हमले ने दिया इकोनॉमी को शॉक
सबसे पहले आईएमएफ की मैनेजिंग डाइरेक्टर क्रिस्तालिना जियॉर्जिएवा ने इस सप्ताह की शुरुआत में एक कार्यक्रम में इसकी जानकारी दी थी. उन्होंने कहा था कि आईएमएफ का एक्सीक्यूटिव बोर्ड की बैठक में नई मदद को मंजूरी देगा. आईएमएफ के अधिकारी यूक्रेन के प्राधिकरण के साथ लगातार चर्चा कर रहे थे और रूस के हमले से उत्पन्न आर्थिक संकट से उबरने में मदद करने के उपायों पर विचार कर रहे थे. जियॉर्जिएवा ने कहा था कि यूक्रेन पर रूस के हमले ने दुनिया भर की अर्थव्यवस्था को शॉक दिया है. इसके चलते एनर्जी और फूड प्राइसेज आसमान में पहुंच गए हैं. लाखों लोगों को इस हमले के कारण विस्थापित होना पड़ा है और बिजनेस कंफिडेंस बिगड़ गया है.
आर्थिक प्रतिबंधों से रूस में मंदी तय
ग्लोबल इकोनॉमी पर जंग और अमेरिकी प्रतिबंधों के असर के बारे में उन्होंने कहा कि अभी कुछ कह पाना जल्दीबाजी होगी. रूस के बारे में आईएमएफ प्रमुख ने कहा कि अमेरिका व उसके सहयोगी देशों के प्रतिबंधों से रूसी अर्थव्यवस्था कितनी सिकुड़ेगी, यह बताया नहीं जा सकता है, लेकिन मंदी की काफी आशंका है.
