दो साल में 51 हजार 317 करोड़ निवेश, पौने चार लाख को मिलेगा रोजगार
भोपाल
मध्यप्रदेश में पिछले दो वर्षो में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग को 51 हजार 317 करोड़ 19 लाख रुपए के के निवेश आशय प्रस्ताव मिले है। इन औद्योगिक संस्थानों के जरिए 3 लाख 76 हजार 16 व्यक्तियों को रोजगार मिलने की संभावना है। राज्य सरकार ने इस दौरान वृहद श्रेणी के 53 उद्योगों को 487.316 हेक्टेयर जमीन भी आवंटित की गई है।
कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी के सवाल के लिखित जवाब में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने लिखित में जानकारी दी। इसमें बताया कि अप्रैल 2020 से जनवरी 2022 तक एमपीआईडीसी के इन्वेस्ट पोर्टल पर निवेशकों ने कुल 51 हजार 317 करोड़ के निवेश आशय प्रस्ताव दर्ज किए। इसमे पौने चार लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। प्रदेश में वृहद श्रेणी की औद्योगिक इकाईयों को अप्रैल 2020 से जनवरी 2022 तक वैट, सीएसटी प्रतिपूर्ति, उद्योग निवेश संवर्धन सहायता, निवेश प्रोतसाहन सहायता, टेक्सटाईल इकाईयों को ब्याज अनुदान, अधोसंरचना विकास हेतु किए गए व्यय की प्रतिपूर्ति के रुप में लाखों रुपए की राशि का भुगतान किया गया है।
विभाग के अंतर्गत एमपीआईडीसी के क्षेत्रांतर्गत विकसित, अविकसित क्षेत्रों में अप्रैल 2020 से जनवरी 2022 के मध्य वृहद श्रेणी की 53 औद्योतगिक इकाईयों को कुल 487 हेक्टेयर जमीन आबंटित की गई है। वृहद श्रेणी , लघु तथा मध्यम श्रेणी की औद्योगिक इकाईयों को नीति एवं मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक भूमि एवं भवन प्रबंधन नियम के प्रावधनों के अनुसार छूट प्रदान कर जमीन दी जा रही है। विभाग ने दिल्ली मुंबई इंडस्ट्रीयल कॉरीडोर अंतर्गत उज्जैन में 458 .600 हेक्टेयर भूमि पर विक्रम उद्योगपुरी औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है। जिसमें भूमि आबंटन की कार्यवाही प्रचलन में है।
