दो करोड़ 32 लाख की लागत से पानी टंकी निर्माण के साथ होगा पाइपलाइन विस्तार
महासमुंद
ग्राम पंचायत झालखम्हरिया के आश्रित ग्राम जामली व सिडगिडी तथा ग्राम पंचायत बेलटुकरी में जल जीवन मिशन के तहत दो करोड़ 32 लाख रुपए की लागत से पानी टंकी निर्माण के साथ पाइपलाइन विस्तारीकरण कराया जाएगा। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की मौजूदगी में निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद हर घर को साफ पानी मिलने लगेगा। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर संसदीय सचिव चंद्राकर ने विकास कार्यों की सौगात भी दी।
ग्राम जामली, सिरगिडी व बेलटुकरी में पानी टंकी निर्माण व पाइपलाइन विस्तारीकरण कार्य के लिए भूमिपूजन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर थे। ग्राम जामली में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों की मांग पर संसदीय सचिव व विधायक चंद्राकर ने सीसी रोड निर्माण के लिए तीन लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। ग्रामीण अर्जुन, रोहित, उपदेश साहू, आशाराम, नामदेव साहू, दुमन सिंह चंद्राकर हेमलाल साहू आदि ने सिद्ध बाबा पहाड़ी में सीढ़ी निर्माण की मांग रखी। जिस पर संसदीय सचिव चंद्राकर ने उचित पहल करने का आश्वासन दिया।
ग्राम पंचायत बेलटुकरी में पांच लाख की लागत से भवन का निर्माण कराया जाएगा। कार्यक्रम में पहुंचे संसदीय सचिव चंद्राकर से भवन निर्माण की मांग रखी। जिस पर उन्होंने पांच लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की। राशि की घोषणा पर ग्रामीणों ने संसदीय सचिव चंद्राकर का आभार जताया है।
