मुख्यमंत्री चौहान ने महाकालेश्वर मन्दिर परिसर विस्तार योजना के प्रथम चरण के विकास कार्यों का किया अवलोकन

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन में महाकाल महाराज मन्दिर परिसर विस्तार योजना के प्रथम चरण के विकास कार्यों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसर विस्तार के लिए किये जा रहे कार्यों में जहाँ भी सुधार की आवश्यकता है, वहाँ सुधार किया जाये। किसी प्रकार की जल्दबाजी की कोई आवश्यकता नहीं है। मन्दिर परिसर का विस्तार दीर्घ अवधि के लिये किया जा रहा है। इसके सौन्दर्यीकरण और अन्य कार्यों में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे। मुख्यमंत्री चौहान ने किये गये कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कॉरिडोर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाये। जो भी प्रतिमाएँ मूर्तिकारों द्वारा बनाई जा रही हैं, उनकी भाव-भंगिमाओं पर विशेष ध्यान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉरिडोर में लगाये जाने वाले वृक्षों की प्रजाति का ध्यान रखा जाये। बरगद का पेड़ यदि कहीं लगा रहे हों तो इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उससे आसपास की संरचना को क्षति न पहुँचे। सौन्दर्यीकरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये। इसके लिये समर्पित कारीगरों की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कॉरिडोर के विकास के सम्बन्ध में आने वाले दिनों में समग्र रूप से बैठक की जायेगी। कलेक्टर ने जानकारी दी कि कॉरिडोर में शिव पुराण से सम्बन्धित कथाओं का आकर्षक चित्रण किया जा रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान, संस्कृति मंत्री सुउषा ठाकुर, प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *