राजगीर व देवघर में इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी, कैश, जेवरात समेत कई कागजात मिले
नालंदा
बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ पिछले कुछ महीनों से स्पेशल विजिलेंस यूनिट की टीम एक्शन में है। ऐसे अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी कर कालेधन का खुलासा कर रही है। इसी कड़ी में स्पेशल विजिलेंस यूनिट टीम ने शुक्रवार को बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरुण कुमार सिंह के दो ठिकानों पर छापेमारी की गई। अरुण कुमार सिंह पिछले चार साल से राजगीर में तैनात हैं, जबकि उनका पैतृक घर देवघर है | विशेष निगरानी विभाग द्वारा मिल रही जानकारी के अनुसार इनके खिलाफ गुरुवार को मामला दर्ज कर न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद इनके ठिकानों पर छापेमारी की गयी | विशेष निगरानी विभाग के एडीजी नैयर हसनैन खान के ने छापेमारी की पुष्टि करते हुए बताया कि अरुण कुमार सिंह के राजगीर स्थित आवास और पैतृक घर देवघर में छापेमारी चल रही है। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति प्राप्त होने की सूचना विशेष निगरानी विभाग को प्राप्त हुई थी। इसके बाद टीम गठित कर आज कार्रवाई की जा रही है। सूत्रों की माने तो उनके घर से नगदी ,जेवरात समेत जमीन के कई डीड मिले हैं। .हालांकि अब तक वहां से जब्ती के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल पायी है।
