रायसेन युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष को हटाया, मिशन ‘एक बूथ पांच यूथ’
भोपाल
युवा कांग्रेस के एक बूथ पांच यूथ को लेकर अब संगठन सख्त हो गया है। इस मिशन पर काम नहीं करने वाले जिला अध्यक्षोें को अब हटाने का सिलसिला शुरू हो गया है। जबकि जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस में हुए चुनाव में जीत कर इस पद के लिए चुने गए थे। गौरतलब है कि प्रदेश में इन दिनों युवा कांग्रेस का एक बूथ पर पांच यूथ अभियान चला रही है। इस अभियान की मॉनिटरिंग राष्टÑीय स्तर पर हो रही है।
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने रायसेन जिले के अध्यक्ष संदीप मालवीय को हटा दिया है। संदीप मालवीय युवा कांग्रेस के चुनाव में जीत कर अध्यक्ष बने थे। रायसेन जिले में एक बूथ पांच यूथ का अभियान का काम संतोषजनक नहीं पाया गया, इसलिए भूरिया ने मालवीय को हटाकर उनकी जगह पर विकास शर्मा को नियुक्त किया है।
हो रही समीक्षा
इस अभियान को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में समीक्षा बैठक हो रही है। समीक्षा बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष,उपाध्यक्ष, विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष शामिल होंगे। इन सभी से इस अभियान को लेकर रिपोर्ट ली जाएगी। रिपोर्ट लेने के लिए प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रभारी भोपाल आए हुए हैं। माना जा रहा है कि इस समीक्षा बैठक के बाद कई जिला अध्यक्ष एवं विधानसभा अध्यक्षों को गाज गिर सकती है।
