शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान, कहा- BJP के साथ गठबंधन कर हमारे 25 साल बर्बाद हुए
मुंबई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी पर एक बड़ा हमला बोला है। दरअसल, रविवार को शिवसेना के संस्थापक और अपने पिता बालासाहेब ठाकरे की 96वीं जयंती के मौके पर उद्धव ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर तीखे प्रहार किया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि शिवसेना ने भाजपा के साथ गठबंधन में रहकर 25 साल बर्बाद किए हैं।
उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि मुझे अफसोस इसी बात का है कि हम 25 साल तक एक समय दोस्त थे, हमने उनका पालन-पोषण किया, बदले में हमें कुछ नहीं मिला, इसलिए भाजपा के साथ हमारा गठबंधन पूरी तरह से समय की बर्बादी थी। आपको बता दें कि शिवसेना और बीजेपी लगभग 25-30 साल से एकसाथ थे।
हमने हिंदुत्व को नहीं छोड़ा, बीजेपी को छोड़ा है- उद्धव आपको बता दें कि शिवसेना ने जब से बीजेपी का साथ छोड़ कांग्रेस और एनसीपी के साथ महाराष्ट्र में सरकार बनाई है, तभी से पार्टी पर ये आरोप लगते रहे हैं कि शिवसेना ने अब अपनी विचारधारा को छोड़ दिया है। इन सवालों पर बोलते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि शिवसेना ने अपने हिंदुत्व के रुख को नहीं छोड़ा है। ठाकरे ने आगे कहा कि हम हिंदुत्व के लिए सत्ता चाहते थे, लेकिन भाजपा हिंदुत्व के जरिए सत्ता हासिल करती है, बीजेपी का हिंदुत्व दिखावा है, बीजेपी ने हिंदुत्व की नकली त्वचा पहनी है। उद्धव ने कहा कि जो लोग हमसे पूछते हैं कि क्या हमने हिंदुत्व को छोड़ दिया है तो उसका जवाब ये है कि हमने बीजेपी को छोड़ा है, हिंदुत्व को नहीं।
