जेल में बंद झरिया के पूर्व विधायक में कोरोना के लक्षण
धनबाद
पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में धनबाद जेल में बंद झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह के कोरोना संक्रमित होने की खबर है। हालांकि अभी जिला प्रशासन इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। इसके लिए दोबारा जांच रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के बाद जिला प्रशासन पुष्टि करेगा। दूसरी तरफ संजीव के संक्रमित होने के बाद उनके समर्थक चिंतित हैं। सिंह अप्रैल, 2017 से धनबाद जेल में बंद हैं।
चार कैदियों में कोरोना के सामान्य लक्षण
धनबाद जेल में एक साथ चार कैदी में कोरोना समान लक्षण पाए गए। इसके बाद उनको अन्य कैदियों से अलग कर आइसोलेशन में भेज दिया गया है। मामला उस समय सामने आया जब जेल अधीक्षक ने रविवार को कारा में एहतियातान बंदियों की कोरोना जांच कराई। इस जांच के लिए उन्होंने उच्चाधिकारियों से अनुमति नहीं ली थी। जांच के बाद झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह सहित चार कैदी कोरोना जैसी लक्षणों से पीड़ित पाए गए। इसके बाद जेल अधीक्षक ने तुरंत इसकी सूचना उपायुक्त संदीप सिंह सहित राज्य मुख्यालय स्थित अपने वरीय पदाधिकारियों को दी।
जेल के अंदर किया गया आइसोलेट
उपायुक्त संदीप सिंह ने बताया कि कुल चार कैदी में कोरोना जैसे लक्षण हैं। जिनको अलग वार्ड में कोरोना प्रोटोकाल के अनुसार आइसोलेट कर दिया गया है। इसके अलावा एहतियातन अन्य कैदियों पर भी नजर रखने के लिए जेल प्रशासन को निर्देशित किए जाने की बात उपायुक्त ने कही। सिंह ने बताया कि कल एक बार फिर से जेल के सभी कैदियों की कोविड जांच कराई जाएगी। इसके लिए जेल में विशेष शिविर का आयोजन करने के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दे दिया गया है। यदि कोई भी कैदी कोविड संक्रमित पाया जाएगा तो उसकी स्थिति का आकलन करने के बाद या तो अस्पतालों में भर्ती कराया जाएगा, या फिर उन्हें अन्य वार्डों में आइसोलेट किया जाएगा। जेल आइजी ने जेल अधीक्षक को पहले से निर्देश दे रखा है कि वे डीसी और सिविल सर्जन से समन्वय स्थापित कर बंदियों के संक्रमित होने पर कोविड 19 अस्पताल में अलग से उनके लिए बेड का इंतजाम कराएं।
