तीसरी लहर की दस्तक! पांच महीने बाद बिहार में मिले 77 नए संक्रमित, तीन दिन में तीन गुना हुई संख्या

पटना

बिहार में पांच माह बाद गुरुवार को 77 नए संक्रमित मरीज मिले। इनमें सबसे अधिक 29 नए मरीज गया में मिले, जबकि पटना में 26 नए संक्रमितों की पहचान की गई। 24 घंटे पूर्व बिहार में 47 नए संक्रमित मिले थे। लगातार तीसरे दिन कोरोना के नए संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई। तीन दिनों में यह तीन गुना हो गई।

27 दिसंबर को राज्य में 26 कोरोना संक्रमित मिले थे। बिहार में 154 दिन के बाद एक दिन में इतने अधिक मरीज मिले हैं। इससे पहले 25 जुलाई को राज्य में 81 नए संक्रमित मरीज मिले थे। गुरुवार बांका, औरंगाबाद, दरभंगा, किशनगंज, सीतामढ़ी, सीवान, वैशाली तथा पश्चिम चंपारण जिले में 1-1 नया संक्रमित मिला। जबकि जहानाबाद में 4, मुजफ्फरपुर व सुपौल में 2-2, नालंदा व समस्तीपुर में 3-3 नए संक्रमित मिले। वहीं, दूसरे राज्य से बिहार आये एक व्यक्ति को भी संक्रमित पाया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में 1 लाख 69 हजार 661 सैंपल की जांच की गई और संक्रमण दर बढ़कर 0.04 फीसदी हो गई। पिछले 24 घंटे में राज्य में 17 कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए और स्वस्थ होने की दर में भी थोड़ी कमी दर्ज की गई और यह 98.31 फीसदी हो गई। बीते 24 घंटे में किसी की मौत कोरोना से नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *