हरदा में युवाओं और बच्चों को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी

भोपाल

आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान पूर्व प्रधान मंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन सुशासन दिवस के अवसर पर हरदा में "कमल युवा खेल महोत्सव'' का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल महोत्सव स्वामी विवेकानंद जयंती 12 जनवरी 2022 तक जारी रहेगा। इस आयोजन में करीब ढाई हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खेल महोत्सव का शुभारंभ किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल और नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मंत्री पटेल ने सम्बोधित करते हुए कहा कि खेल महोत्सव से खिलाड़ियों को खेलने और सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि कमल स्पोर्ट्स क्लब हरदा एवं जिला ओलंपिक एसोसिएशन हरदा के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में 28 खेल शामिल किए गए हैं। पटेल ने कहा कि हरदा जिले के युवाओं को जिले में ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की हर सम्भव खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि हरदा में 15 करोड़ रुपये लागत का इनडोर स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से नई दिल्ली में मुलाकात कर अनुरोध किया है।

नवकरणीय ऊर्जा मंत्री डंग ने इस अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य के लिए खेल बहुत जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि हरदा में यह आयोजन अत्यंत सराहनीय है क्योंकि जिला स्तर पर आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में ओलंपिक नियमों और मापदंडों के अनुसार खेल आयोजित किए गए हैं। इस उत्सव में जिले के उत्कृष्ट खिलाडियों की पहचान होगी साथ ही उत्कृष्ट खिलाडी चिन्हित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा ।

खेल महोत्सव में 26 दिसंबर को हैण्डबॉल, फुटबॉल, व्हालीबॉल, 1 जनवरी को रस्साकसी का मैंच आयोजित किया जाएगा। 2 जनवरी पुनः फुटबॉल, टेबल टेनिस, खो-खो, बैडमिन्टन, कबड्डी के मैच आयोजित किए जाएंगे।

5 जनवरी से एथेलेटिकक्स 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर लम्बी कूद गोला, भाला, और चकरी फेक के मैच आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव से पूर्व खिलाड़ियों की विशाल रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई स्टेडियम पहुंची। रैली में शामिल खिलाड़ियों पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मध्यप्रदेश पुलिस भोपाल के बेंड ने रैली में, और स्टेडियम पर मनभावन संगीतमय प्रस्तुति दी, जिसकी सभी ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *