1 लाख की रिश्वत लेते हुए चित्रकूट नगर पंचायत के CMO गिरफ्तार

सतना
रीवा लोकायुक्त पुलिस ने चित्रकूट नगर पंचायत के मुख्य नगर पंचायत अधिकारी कृष्ण पाल सिंह को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। खबर लिखे जाने तक कृष्ण पाल सिंह से लोकायुक्त पुलिस पूछताछ कर रही है। इसके बाद उनके यहां पर छापे की कार्यवाही भी की जा सकती है।

जानकारी के अनुसार रीवा लोकायुक्त एसपी गोपाल सिंह धाकड़ को अनिल तिवारी ने शिकायत की थी कि मुख्य नगर पंचायत अधिकारी चित्रकूट कृष्ण पाल सिंह अनुकंपा नियुक्ति को लेकर उनसे एक लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं। इस शिकायत की लोकायुक्त पुलिस ने पुष्टि की । इसके बाद अनिल तिवारी से कृष्ण पाल सिंह ने उनके सरकारी बंगले पर एक लाख रुपए देने का कहा। आज सुबह तिवारी पैसे देने के लिए सिंह के शासकीय आवास पर पहुंचे, जैसे ही अनिल तिवारी ने कृष्णपाल सिंह को एक लाख रुपए दिए, वैसे ही लोकायुक्त पुलिस ने डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार, निरीक्षक जियउलहक और उनकी टीम ने सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि सिंह से लोकायुक्त रीवा की टीम पूछताछ कर रही है। इसके बाद उनके शासकीय आवास सहित अन्य आवासों की सर्च की कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *