टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने बुक लॉन्च इवेंट को लेकर उठ रहे सवालों पर तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर टेस्ट रद्द होने के पीछे कई तरह की खबरें आ रही है। शुरुआत में ऐसा माना जा रहा था कि असिस्टेंड फीजियो योगेश परमार के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद भारतीय टीम ने खेलने से मना कर दिया था। हालांकि इसके बाद कई ऐसी खबरें आई, जिसमें कहा गया कि मैनचेस्टर टेस्ट को कोविड-19 के कारण रद्द नहीं किया गया, बल्कि यह अनिश्चितता थी कि आगे क्या हो सकता है। उधर इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉम हैरिसन ने टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री पर अपनी टीम में कोरोना फैलाने का आरोप लगाया क्योंकि शास्त्री कुछ दिन पहले अपनी पुस्तक का विमोचन करने के लिए लंदन गए थे। हालांकि अब शास्त्री ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। हेड कोच ने इस बात को सिरे से नकार दिया कि उनकी वजह से टीम इंडिया के कैंप में कोरोना का मामला सामने आया और भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच को रद्द किया गया। भारतीय क्रिकेट टीम चौथे टेस्ट मैच तक 2-1 से आगे थी।
शास्त्री ने मिड-डे के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में इस मामले में खुद का बचाव करते हुए इंग्लैंड को ही कोरोना फैलाने का जिम्मेदारी ठहराया। उन्होंने कहा कि पूरा इंग्लैंड इस समय खुला हुआ है, इसलिए कोरोना का मामला सामने आया। शास्त्री ने कहा, ' मेरे बुक लॉन्च इवेंट से कोरोना मामलों पर कोई असर नहीं पड़ा है। पूरा इंग्लैंड इस वक्त ओपन है, इसलिए पहले टेस्ट मैच से ही कुछ भी हो सकता था।' गौरतलब है कि शास्त्री ने एक सितंबर को अपनी किताब 'स्टार गेजिंग: द प्लेयर्स इन माइ लाइफ इन लंदन' का विमोचन किया था। इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी भी मौजूद थे। इस इवेंट के बाद लंदन के द ओवल टेस्ट मैच के दौरान शास्त्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे और वह मैच से हट गए थे। उनके अलावा गेंदबाजी कोच भरत अरुण और फील्डिंग कोच आर श्रीधर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। वहीं मैनचेस्ट में शुरू होने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच से पहले टीम के असिस्टेंट फिजियो योगेश परमार भी कोरोना की चपेट में आ गए थे। परमार के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसके बाद सभी भारतीय खिलाड़ियों का प्रैक्टिस कैंसिल कर दिया गया था और उन्हें टीम होटल में ही रहने के लिए कहा गया था। मैच से एक दिन पहले सभी खिलाड़ियों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन उसके कुछ देर बाद ही मैच को रद्द की दिया गया था।
