फूलन देवी की 18 फीट ऊंची मूर्तियां लगवाएगी VIP, 25 जुलाई को मनेगा शहादत दिवस

पटना  
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) 25 जुलाई को बिहार और यूपी के सभी प्रमंडलों में फूलन देवी का शहादत दिवस मनाएगी। बिहार के बाद यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी वीआईपी उत्तर प्रदेश के 18 प्रमंडलों में उनकी 18 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करेगी। 

इनमें से दो दर्जन मूर्तियों का निर्माण वीआईपी प्रमुख और पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के मंत्री मुकेश सहनी के पटना के 06, स्टैंड रोड स्थित आवास पर कराया गया है।वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति का कहना है कि 25 जुलाई को वीरांगना फूलन देवी के शहादत दिवस पर उत्तर प्रदेश के सभी प्रमंडल के चिह्नित जिलों वाराणसी, लखनऊ, बलिया, संतकबीरनगर, बांदा, अयोध्या, सुल्तानपुर, गोरखपुर, महाराजगंज, औरैया, प्रयागराज, उन्नाव, मेरठ, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, मुजफ्फरनगर, फिरोजाबाद और जौनपुर में प्रतिमा स्थापित कर माल्यार्पण किया जाएगा।

अगले साल यूपी के शेष जिलों में प्रतिमा स्थापित की जाएगी।इस कार्यक्रम में वाराणसी जिले के सुजाबाद पड़ाव पर वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी खुद उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरे बिहार एवं यूपी की पंचायत से जिला स्तर तक शहादत दिवस मनाएंगे। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *