शिवराज सरकार के साथ केंद्र सरकार, कोरोना काल में यह बैठक एक उदाहरण
भोपाल
प्रदेश भाजपा के प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा है कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार के पीछे केंद्र की सरकार मजबूती के साथ खड़ी हुई है। सोशल मीडिया पर चर्चा होने या कांग्रेस के नेताओं के कहने या कुछ करवाने से भाजपा में कुछ तय नहीं होता है। कांग्रेस बाहर कोविड की तरह वेव चला रही हैं इससे कुछ नहीं होने वाला है। यह बात आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा के प्रभारी मुरलीधर राव ने कही।
उन्होंने इस दौरान कांग्रेस को भी जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कांग्रेस को विध्वंसकारी लोगों के साथ जुड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे लोगों की अंब्रेला बनती जा रही है। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि इस मामले में वे खुद और उनकी पार्टी के नेता कांग्रेस के किसी भी नेता से पूरे देश में कहीं पर भी चर्चा करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों का साथ देने पर कांग्रेस को शर्म आना चाहिए। कांग्रेस के इस रवैये को लेकर भाजपा देश के एक-एक घर तक जाएगी। हमारे लिए देश पहले है, देश हित में हमारी पार्टी और हम लोग लगातार काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस को लोगों ने नकार दिया है। प्रदेश में भी कांग्रेस की हालत यही हो चली है।
राव ने कहा कि भाजपा एक मात्र पार्टी है जिसने कोविड के नियमों के तहत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को डिजाइन किया। कोरोना काल में यह बैठक एक उदाहरण है। हमने पार्टी की गतिविधियों को सुस्त नहीं होने दिया। पार्टी में आगे और कैसे काम करना है ये हमने तीन दिन की कार्यसमिति की बैठक में तय किया है। दूसरी पार्टियों के लिए यह एक उदाहरण है।
राव ने बताया कि कार्यसमिति में अनुसूचित जाति जनजाति और अनुसूचित जाति वर्ग को हमने प्राथमिकता देते हुए और उन्हें महत्वपूर्ण मानते हुए इनके उत्थान और विकास को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति में जो निर्णय हुए हैं वह शीघ्र ही पार्टी के रोडमैप के जरिए सभी को दिखाई देगा।
