विदेश जाने वाले विद्यार्थियों के लिए तेलंगाना सरकार ने शुरू किया विशेष टीकाकरण अभियान

हैदराबाद
तेलंगाना सरकार ने शनिवार को उन छात्रों के लिए विशेष कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जिन्हें पढ़ाई के लिए विदेश जाना पड़ता है। जिन विद्यार्थियों को अगले दो महीनों में अपनी पढ़ाई के लिए विदेश जाना है, ऐसे विद्यार्थियों के लिए हैदराबाद स्थित निवारक चिकित्सा संस्थान की निगरानी में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।

वैक्सीन लगवाने के लिए विद्यार्थियों को टीकाकरण केंद्र पर अपने साथ अपना पासपोर्ट, स्टूडेंट वीजा, संबंधित विश्वविद्यालय का आधिकारिक प्रवेश पत्र साथ लाना होगा। निवारक चिकित्सा संस्थान के निदेशक डॉ. शंकर ने मीडिया को बताया कि विदेश में पढ़ने वाले जो विद्यार्थी वैक्सीन लगवाना चाहते हैं वह दो दिन पहले वैक्सीन के रजिस्ट्रेशन के लिए बनाई गई स्पेशल वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

डॉ. शंकर ने कहा कि अभी तक वेबसाइट के माध्यम से 7 हजार विद्यार्थी अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि, 'पहले दिन छात्रों को टीकाकरण कराने के लिए 350 स्लॉट दिए गए हैं। छात्रों को कोविशील्ड वैक्सीन दी जा रही है क्योंकि कई देशों ने कोवैक्सिन को मान्यता नहीं दी है।' डॉ. शंकर ने आगे कहा कि विद्यार्थियों को पहली डोज के 4 हफ्तों बाद ही (10 हफ्तों के बजाय) कोरोना की दूसरी डोज दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थियों को वैक्सीन की दोनों डोज लग जाएंगी, उसके बाद उन्हें वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार तेलंगाना में अभी तक 64, 17, 283 वैक्सीन की खुराक जी जा चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *