वैक्सीनेशन के द्वारा ही हम कोरोना की जंग को जीतेंगे
दतिया। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज दतिया में पत्रकारों से चर्चा में बताया कि कोरोना से राहत भरी खबर है कि कोरोना के 7 हजार नए प्रकरण आए हैं जबकि 12233 लोग ठीक होकर गए हैं। प्रदेश के 5 जिलों दतिया, भिंड, मुरैना, अशोकनगर और गुना में कोरोना के 50 से भी कम केस दर्ज किए गए हैं। कल प्रदेश भर में 68 हजार से ज्यादा टेस्ट किए गए हैं। पॉजिटीविटी रेट में निरंतर गिरावट आ रही है अब यह 11% हो गई है तो हमारा रिकवरी रेट बढ़कर 86 फीसदी के आसपास पहुंच गया है। सुखद बात ये है कि 86 फीसदी से ज्यादा लोग होम आईसोलेशन से ठीक हुए हैं। 80 हजार लोग जो आज भी होम आईसोलेशन में हैं उनमे 95% लोगों से रोजाना संपर्क कर उन्हें लगातार सलाह दी जा रही है। वहीं वैक्सीनेशन पर मिश्रा ने कहा कि वैक्सीनेशन के द्वारा ही हम कोरोना की जंग को जीतेंगे। स्लॉट बुक करने वालों से अनुरोध है कि वह स्लॉट बुक होने के बाद कृपया वैक्सीनेशन के लिए जाएं ताकि डोज खराब ना हो। गांव में कोरोना नियंत्रण पर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश मॉडल स्टेट के रूप में उभरा है जिसने गांव और पंचायत स्तर तक में क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियां बनाई है, गांव में लॉक डाउन लगाया है, गांव में क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाए है।
