पाक के कई प्रांतों ने किया ईद के दौरान पूर्ण लॉकडाउन का एलान

इस्लामाबाद
पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के प्रशासन ने पाकिस्तान में ईद-उल-फित्र के दौरान कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए आठ से 15 मई के बीच पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है।

‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने खबर दी है कि सरकारों की ओर से कोविड-19 के प्रसार को थामने के लिए कदम उठाने के बावजूद देश में संक्रमण के मामलों में उछाल देखा जा रहा है। पंजाब की स्वास्थ्य मंत्री यासमीन राशिद ने कहा कि आठ दिन के लॉकडाउन के दौरान दुकानें, शॉपिंग मॉल और बाजार बंद रहेंगे।

उन्होंने कहा कि ईद के दौरान लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पुलिस, रेंजर्स और सैन्य कर्मियों को तैनात किया जाएगा। राशिद ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान, दवाई, कोरोना वायरस टीकाकरण केंद्र, पेट्रोल पंप, किराने की छोटी दुकानें, डेयरी, सब्जी, फलों और गोश्त की दुकानें खुली रहेंगी।

खैबर पख्तूनख्वा, सिंध और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के प्रशासनों ने भी इसी तरह के नोटिस जारी किए हैं। योजना मंत्री और एनसीओसी के प्रमुख असद उमर ने कहा था कि विस्तारित टीकाकरण अभियान के साथ सख्त एहतियाती उपायों का सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *