मंत्रालय और संचालनालय कार्यालयों में 33 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ काम होगा शुरू

रायपुर
छत्तीसगढ़ में शुरू हो रहे लॉकडाउन 3.0 में सरकारी कामकाज पटरी पर लौटता दिख रहा है। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय और संचालनालय कार्यालयों में 33 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ कामकाज शुरू करने को कहा है। एक तिहाई रोस्टर की यह अनिवार्यता केवल कर्मचारियों के लिए है। सेक्शन अफसर और उनसे ऊपर के सभी अधिकारियों को मंत्रालय जाना अनिवार्य होगा। अभी तक सभी विभागों, मंत्रालय व दफ्तरों का कामकाज वर्क फ्रॉम होम के जरिए चल रहा था।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डीडी सिंह ने नया आदेश जारी कर तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में से 33 प्रतिशत के साथ मंत्रालय और संचालनालय कार्यालयों का काम शुरू करने को कहा है। इसके विभागों को कर्मचारियों का साप्ताहिक रोस्टर बनाना होगा। यह रोस्टर केवल कर्मचारियों के लिए होगा। सेक्शन अफसर और उनसे वरिष्ठ अफसरों की शत प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। मंत्रालय-संचालनालय जाने के लिए सरकार पहले की तरह सार्वजनिक बस सेवा की सुविधा नहीं देगी। कर्मचारियों-अधिकारियों को अपने अथवा विभागीय वाहनों से कार्यालय जाना होगा। ऐसा कोरोना संक्रमण को देखते हुए किया गया है।

मंत्रालय में कर्मचारियों के लिए पूरे समय कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी दिशा निदेर्शों का पालन अनिवार्य होगा। उन्हें मास्क लगाए रखना होगा। हाथ सैनिटाइज करना और शारीरिक दूरी का पालन करना भी अनिवार्य होगा। प्रशासन ने मंत्रालय-संचालनालय में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश भी प्रतिबंधित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *