शिखर धवन कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए, 20 लाख रुपये के डोनेशन के साथ किया ये एलान
नई दिल्ली
दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने ऑक्सीजन की ऑपूर्ति के लिए चलाए जा रहे मिशन ऑक्सीजन को 20 लाख रुपये डोनेशन देने का एलान किया है। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की वो आईपीएल में मिलने वाले सभी व्यक्तिगत अवार्ड्स की धनराशि भी इस काम के लिए देंगे। भारत इस समय कोविड 19 की दूसरी महामारी का सामना कर रहा है। धवन ने शुक्रवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। धवन ने लिखा कि हम सभी अभी बेहद खराब दौर से गुजर रहे हैं, हमें इस वक्त एक दूसरे की मदद करनी चाहिए और ये समय की मांग है। कई सालों से मुझे बेतहाशा प्यार व समर्थन मिला, जिसके लिए मैं आभारी हूं, आज वक्त आया है कि मैं देश के लोगों के काम आऊं। उन्होंने आगे लिखा कि मैं 20 लाख रुपये का दान करूंगा। इसके साथ ही सभी मैच के बाद के व्यक्तिगत प्रदर्शन पुरस्कारों से भी जो पैसा कमाऊंगा, वो मैं मिशन ऑक्सीजन के माध्यम से ऑक्सीजन की आवश्यकता को पूरा करने में दूंगा।
सचिन तेंदुलकर ने भी गुरुवार को मिशन ऑक्सीजन के लिए 1 करोड़ रुपए की धनराशि देने की घोषणा की है, इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटरों ने भी कोरोना की लड़ाई में डोनेशन देने दिया है। शिखर धवन इस वक्त शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, वह आईपीएल 2021 के टॉप बल्लेबाज हैं। वो 311 रनों के साथ वह शीर्ष पर हैं। उन्होंने कल कोलकता के खिलाफ 46 रनों की पारी खेली थी और दिल्ली ने ये मैच 7 विकेट से जीता।
