सीपीएल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता अनिश्चित काल के लिए स्थगित
रायपुर
राजधानी रायपुर में बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए कांग्रेस स्पोर्ट्स सेल के पदाधिकारियों ने आज से शुरू होने वाले सीपीएल टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता को अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित कर दिया है और जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद ही इस आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस स्पोर्ट्स सेल के अध्यक्ष प्रवीण जैन के नेतृत्व में पिछले दिनों एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर डा. एस. भारतीदासन से मिलकर आइपीएल की तर्ज पर एक अप्रैल यानी आज से शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करने के लिए ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में कहा गया था कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा दिशा निदेर्शों का पालन करते हुए आइपीएल आयोजन किया जाएगा। कल कलेक्टर द्वारा इस संबंध में कांग्रेस स्पोर्ट्स सेल को एक पत्र मिला जिसमें कहा गया कि राजधानी रायपुर में जिस तरह से कोरोना का संक्रमण फैल रहा है और सभी प्रकार के आयोजनों पर पूर्णत: प्रतिबंध लगने के साथ ही रात्रिकालीन कर्फ्यू भी लागू कर दिया है इसलिए हमें स्थिति को नियंत्रण में आने तक इंतजार करना होगा। इसके बाद कांग्रेस स्पोर्ट्स सेल के पदाधिकारियों की आवश्यक बैठक हुई जिसमें निर्णय लिया गया कि फिलहाल कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए प्रतियोगिता को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया जाए और जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद ही आगे की तिथि घोषित की जाएगी। बैठक में प्रमुख रूप से नेहा शल्मन, ख्वाजा अहमद, अमित दिवान, दिव्यानि सिया, मोहम्मद रिजवान, सुमित सिंह, राहुल पांडेय, राहुल ताम्रकार, मोनाल मित्तल, विपिन निषाद शामिल हुए।
