शेयर बाजार में लौटी हरियाली, सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल

नई दिल्ली
लगातार गिरावट से परेशान शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में हरियाली लौट आई है। बाजार की शुरुआत आज मजबूत रही। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज यानी बुधवार को 334 अंकों के फायदे के साथ 58960 के स्तर पर खुला तो  वहीं निफ्टी ने भी आज कारोबार की शुरुआत हरे निशान के साथ की।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 341 अंकों की बढ़त के साथ 58917  के स्तर पर पहुंच गया।  जबकि, निफ्टी 112 अंकों की तेजी के साथ 17642 पर कारोबार कर रहा था। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स पर टाइटन, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स और डॉक्टर रेड्डी  के अलावा सभी स्टॉक हरे निशान पर थे। अडानी विल्मर ने  एक और नया रिकॉर्ड बनाया। आज 52 हफ्ते के एक नए शिखर 634 पर पहुंच गया। वहीं, बाबा रामदेव की कंपनी रुचि सोया में भी तेजी दिख रही है।

मंगलवार का हाल
घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 388 अंक से अधिक टूटकर 58,576.37 अंक पर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले विप्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय एयरटेल में गिरावट के साथ बाजार नुकसान में रहा। निवेशकों ने मार्च महीने के औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) और मुद्रास्फीति के आंकड़े आने से पहले भी सतर्क रुख अपनाया। ये आंकड़े आज शाम जारी होने हैं।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 388.20 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58,576.37 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, सेंसेक्स एक समय 666 अंक तक नीचे चला गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 144.65 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,530.30 अंक पर बंद हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *