जल अभिषेक अभियान का शुभारंभ: जल संरक्षण और संवर्धन की शपथ का आगाज
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को राज्य स्तरीय जल संसद एवं जल अभिषेक अभियान का शुभारंभ रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील के ग्राम कहुला में किया। सीएम चौहान ने कहा कि बूंद बंूद जल को सहेजने और वर्षा जल को धरती की सतह और उसके भीतर बनाए रखने में यह अभियान सहयोगी होगा। पौधरोपण इसका सबसे अच्छा विकल्प है। इसलिए सभी जल संरचनाएं तैयार करने के साथ पौधरोपण भी करें।
इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में 5009 अमृत सरोवरों एवं पुष्कर धरोहर समृद्धि अभियान में 10 हजार कार्यों का शुभारंभ भी किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 60 विकासखंड में मुख्यमंत्री जल शक्ति अभियान की आयोजना का अनावरण भी हुआ। इस अभियान के लिए पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 6310 करोड़ की लागत से 3.59 लाख कार्य कराए जाने हैं।
जलाभिषेक कार्यक्रम के लिए सीएम चौहान ने मंत्री प्रभुराम चौधरी, अरविन्द सिंह भदौरिया के साथ रायसेन जिले के ग्राम कहुला में माता मंदिर में दर्शन करने के बाद कार्यक्रम स्थल पर कन्या-पूजन किया। इस कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया द्वारा अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री चौहान ने जल संसद में उपस्थित ग्रामीणों और अधिकारियों को जल-संरक्षण एवं जल-संवर्धन की शपथ दिलाई। आज से शुरू हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम के पूर्व प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया।
राज्य स्तरीय 'जलाभिषेक अभियान' का शुभारंभ #JalAbhishekMP #Raisenhttps://t.co/QhTzF9A62M
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) April 11, 2022
यह काम होंगे अभियान के दौरान
अभियान के दौरान नदी पुनर्जीवन, पौधरोपण, किसानों द्वारा अपने खेतों पर जल संग्रहण और ग्रे वाटर मैनेजमेंट के साथ पानी के समुचित उपयोग के लिए ड्रिप, स्प्रिंकलर के उपयोग को बढ़ावा इस दौरान दिया जाएगा। प्रदेश के 84 विकासखंडों में भूजल रिचार्ज की तैयारी है जिसमें से 22 जिलों के 60 विकासखंड में इसे तैयार भी कर लिया गया है। यहां 15389 काम किए जाएंगे जिसमें रिचार्ज शाफ्ट, भूमिगत डाईक, रिचार्ज टेंÑेच, रिचार्ज पिट, परकोलेशन तालाब, गैबियन संरचनाएं, तालाब और स्टाप व चेकडैम शामिल हैं। यह काम दो चरणों में पूरा होगा। पहला चरण जून 2022 तक चलेगा जबकि दूसरा चरण मार्च 2023 तक के लिए तय किया गया है।
दमोह और पन्ना भी पहुंचेंगे सीएम
सीएम चौहान इसके बाद दमोह जाएंगे जहां ज्योतिबा फुले की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके उपरांत वे पन्ना जिले के सिमरिया तहसील के कुआताल मेला बनोली जाएंगे जहां मेला कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ शिरकत करेंगे। वहां से सीएम चौहान और शर्मा खजुराहो होकर भोपाल लौंटेंगे।
