बाल कांग्रेस में सिफारिशों पर बनाए जा रहे हैं पदाधिकारी

भोपाल। कांग्रेस में 16 से 20 साल तक के बच्चों को पार्टी से जोड़ने के लिए बनाई गई बाल कांग्रेस पर विधायकों, पूर्व विधायकों सहित जिला अध्यक्षों के समर्थकों का कब्जा होता जा रहा है। इनकी सिफारिश पर बाल कांग्रेस के पदाधिकारी बनाए जा रहे हैं। हाल ही में लगभग ढाई दर्जन विधानसभा क्षेत्रों में बाल कांग्रेस ने कैप्टन और वाईस कैप्टन नियुक्ति किए, ये सभी पद किसी न किसी नेता की सिफारिश पर ही दिये गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस से बच्चों को जोड़ने के लिए प्रदेश में बाल कांग्रेस का गठन किया था। इसका जिम्मा इंदौर के लक्ष्य गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दिया गया था। अब लक्ष्य गुप्ता को प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में अपनी टीम बनाना है। इस टीम को बनाने में क्षेत्र के विधायक हावी होते दिखाई दे रहे हैं। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, लाखन सिंह यादव जैसे नेता भी अपनी ही पसंद के बच्चों को अपने क्षेत्र में इस टीम की कप्तानी देने के लिए सिफारिश कर रहे हैं। प्रदेश में अब तक करीब 40 विधानसभा क्षेत्रों में बाल कांग्रेस ने कैप्टन और वाईस कैप्टन बनाए हैं। इनमें से अधिकांश स्थानों पर विधायकों की सिफारिश को महत्व दिया गया है।

इनकी चली सिफारिश
जबलपुर उत्तर के विधायक विनय सक्सेना, डिंडौरी के विधायक भूपेंद्र मरावी, बरगी के विधायक संजय यादव, विदिशा विधायक शशांक भार्गव, देपालपुर विधायक विशाल पटेल, राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह, भीतरवार विधायक लाखन सिंह यादव, आगर विधायक विपिन वानखेड़े, मुरैना विधायक राकेश मवई, सबलगढ़ विधायक वैजनाथ कुशवाह, खरगौन विधायक रवि जोशी, सैलाना विधायक हर्ष गेहलोत, गोहद विधायक मेवाराम जाटव की सिफारिश पर उनके विधानसभा क्षेत्रों में पद दिए गए हैं। वहीं पृथ्वीपुर से कांग्रेस उम्मीदवार रहे नीतेंद्र सिंह राठौर, देवास जिला अध्यक्ष अशोक कप्तान, पूर्व विधायक हेमंत कटारे, मुरैना जिला अध्यक्ष उमाचरण कटारे, टीकमगढ़ जिला अध्यक्ष महेश यादव ने विधानसभा कैप्टन और वाईस कैप्टन अपनी सिफारिश से बनवाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *